ब्रेकिंग
रविवार, 20 सितंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
मध्यप्रदेश · 06-08-2026

पशुपालन विभाग हटने पर पहली बार बोले मंत्री लखन पटेल, कहा- 'सीएम का विशेषाधिकार, मुझे कोई आपत्ति नहीं'

पशुपालन विभाग वापस लिए जाने के बाद मंत्री लखन पटेल पहली बार बोले। उन्होंने कहा कि विभाग देना या वापस लेना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है और नाराजगी की खबरें सिर्फ अटकलें हैं।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 06-08-2026
शेयर
पशुपालन विभाग हटने पर पहली बार बोले मंत्री लखन पटेल, कहा- 'सीएम का विशेषाधिकार, मुझे कोई आपत्ति नहीं'

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार में पशुपालन विभाग वापस लिए जाने के करीब 22 दिन बाद मंत्री लखन पटेल ने पहली बार सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नाराजगी और विभाग हटाए जाने को लेकर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि विभाग देना या वापस लेना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है और उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है।

बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सहयोग सेल कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे लखन पटेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि "मैं आनंद में हूं। मुख्यमंत्री जी का जो अधिकार है, उन्होंने उसका उपयोग किया है। इसमें कोई समस्या नहीं है।"

दूसरे विभाग पर बोले- फैसला मुख्यमंत्री करेंगे

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें कोई नया विभाग मिल सकता है, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके पास विभाग है और भविष्य में क्या जिम्मेदारी मिलेगी, इसका निर्णय मुख्यमंत्री करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार जो भी दायित्व सौंपेगी, उसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।

गौशाला की जमीन को लेकर आरोपों को बताया निराधार

गौशाला की जमीन किसी व्यक्ति विशेष को दिए जाने के आरोपों पर मंत्री लखन पटेल ने कहा कि सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस विषय पर आरोप लगा रहे हैं, वे तथ्यों के बजाय काल्पनिक बातें कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि संबंधित नीति को ध्यान से पढ़ा जाए तो पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

मुख्यमंत्री से नाराजगी की खबरों का किया खंडन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से रिश्तों को लेकर पूछे गए सवाल पर लखन पटेल ने कहा कि उनकी मुख्यमंत्री से कई बार मुलाकात हो चुकी है और हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में भी वे साथ मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की नाराजगी की चर्चाएं केवल मीडिया में हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है।

अमित शाह की नाराजगी की अटकलें भी खारिज

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नाराजगी संबंधी चर्चाओं को भी उन्होंने पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का उन्हें हमेशा स्नेह, मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहा है।

कैबिनेट बैठक में अनुपस्थिति पर दी सफाई

कैबिनेट बैठक में अनुपस्थित रहने के सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि पिछली बैठक में वे ऑनलाइन शामिल हुए थे, जबकि हाल की बैठक में उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भाग लिया।

विभाग वापस लिए जाने का कारण पूछे जाने पर उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, "मैं क्यों पूछूं?"

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
Politics
राजनीतिक
पत्रकारिता कोर्स खोजें