Indore News : कल इंदौर आएंगे राजनाथ सिंह, आंबेडकर के जन्मभूमि स्मारक जाएंगे, आर्मी संस्थानों का दौरा करेंगे
Indore News Rajnath Singh Will Come To Indore Tomorrow : देश के रक्षा मंत्री दो दिवसीय दौरे पर मप्र में आ रहे हैं। इस दौरान वे इंदौर, महू और उज्जैन में कार्यक्रमों में भाग लेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 29 और 30 दिसंबर को महू शहर के आर्मी संस्थानों का दौरा…


Indore News
Rajnath Singh Will Come To Indore Tomorrow : देश के रक्षा मंत्री दो दिवसीय दौरे पर मप्र में आ रहे हैं। इस दौरान वे इंदौर, महू और उज्जैन में कार्यक्रमों में भाग लेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 29 और 30 दिसंबर को महू शहर के आर्मी संस्थानों का दौरा करेंगे। वह कल इंदौर आएंगे और फिर यहां से महू के लिए जाएंगे। वह महू में डॉ. भीमराव आंबेडकर जन्मभूमि स्मारक भी जाएंगे। इसके बाद वे सेना के सभी संस्थानों का दौरा करेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। रक्षा मंत्री महू में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन उज्जैन के लिए रवाना होंगे। इस दौरे को लेकर आर्मी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रक्षा मंत्री के साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी मौजूद रहेंगे।
शाम को वे देश के पहले इन्फेंट्री म्यूजियम का दौरा करेंगे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विमान से 29 दिसंबर को दोपहर में इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए महू जाएंगे और आर्मी वार कॉलेज में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। दोपहर करीब 12:40 बजे वे डॉ. भीमराव आंबेडकर जन्मभूमि स्मारक पहुंचेंगे, जहां वे डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद अस्थि कलश के दर्शन कर स्मारक का भ्रमण करेंगे। स्मारक में लगभग 15 मिनट रुकने के बाद वे 12:55 पर आर्मी वार कॉलेज के लिए रवाना होंगे। इसके बाद रक्षा मंत्री मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग यूनिट का दौरा करेंगे। शाम को वे देश के पहले इन्फेंट्री म्यूजियम का दौरा करेंगे। इसके बाद शूटिंग और अन्य खेलों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट भी जाएंगे।
महू से उज्जैन जाएंगे
महू में रात्रि विश्राम के बाद वे अगले दिन उज्जैन जाएंगे। उज्जैन से इंदौर लौटकर रक्षा मंत्री दिल्ली के लिए रवाना होंगे। महू में मिलिट्री हेडक्वार्टर की तीन प्रमुख संस्थाएं हैं। इनमें स्टेशन हेडक्वार्टर, आर्मी वार कॉलेज और मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शामिल हैं। इनके साथ ही इंफेंट्री स्कूल भी है। इन संस्थानों में कई तरह के कोर्स संचालित किए जाते हैं। बताया जा रहा है कि रक्षा मंत्री इन जगहों का भी दौरा कर सकते हैं।
