31 दिसंबर तक 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं को लगेगा HPV टीका
नर्मदापुरम में 6155 बालिकाओं के लिए HPV वैक्सीन उपलब्ध, 31 दिसंबर तक चलेगा टीकाकरण अभियान


नर्मदापुरम। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से जिले में 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं के लिए संचालित HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को 31 दिसंबर 2026 तक जारी रखा जाएगा। अभियान के तहत ऐसी पात्र बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा, जो निर्धारित आयु सीमा में हैं और अभी तक HPV टीकाकरण से वंचित हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गेहलोत ने बताया कि ऐसी बालिकाएं जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं, वे HPV टीकाकरण के लिए पात्र हैं। जिले में वर्तमान में HPV वैक्सीन की 6155 डोज का स्टॉक उपलब्ध है।
टीकाकरण के लिए अभिभावक की सहमति जरूरी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार HPV टीकाकरण स्वैच्छिक है। टीका लगवाने से पहले माता-पिता अथवा अभिभावक की सहमति आवश्यक होगी। टीकाकरण के बाद इसकी जानकारी यू-विन (U-WIN) पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज की जाएगी।
गुरुवार और शनिवार को विशेष टीकाकरण सत्र
पात्र बालिकाओं को HPV वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल और जिला अस्पताल में प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
अभिभावक अपनी पात्र बालिकाओं को नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर टीकाकरण करवा सकते हैं।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव में मददगार
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार HPV संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। किशोरावस्था में HPV वैक्सीन लगवाने से भविष्य में HPV संक्रमण तथा सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। विभाग ने HPV वैक्सीन को सुरक्षित एवं प्रभावी टीका बताया है।
अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि पात्र बालिकाओं का HPV टीकाकरण 31 दिसंबर की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते कराया जाए। टीके से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अभिभावक अपने नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क कर सकते हैं।

