ब्रेकिंग
बुधवार, 18 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 14 मिनट पहले

जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने सुनीं 140 आवेदकों की समस्याएं, अधिकारियों को एक सप्ताह में निराकरण के निर्देश

नर्मदापुरम में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने जनसुनवाई में 140 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास की किस्त और नल-जल योजना की शिकायतों पर दिए कार्रवाई के निर्देश।

नक्शे देखें

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 14 मिनट पहले
शेयर
जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने सुनीं 140 आवेदकों की समस्याएं, अधिकारियों को एक सप्ताह में निराकरण के निर्देश

नर्मदापुरम। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने 140 आवेदकों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समय-सीमा में और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर केवल औपचारिक जवाब दर्ज करने के बजाय आवेदकों की समस्याओं का वास्तविक समाधान किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति और उनके निराकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निराकरण के संबंध में पोर्टल पर दर्ज किए जाने वाले जवाब तथ्यात्मक और संतोषजनक होने चाहिए। किसी भी प्रकरण में पूरी जांच और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही जवाब दर्ज किया जाए, ताकि आवेदकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सीमांकन नहीं होने पर तहसीलदार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम

जनसुनवाई में ग्राम खोकसर, तहसील डोलरिया निवासी शंकरलाल ने अपनी कृषि भूमि के सीमांकन के लिए पूर्व में आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार डोलरिया को भूमि का सीमांकन कर एक सप्ताह के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास की पहली किस्त अटकने की होगी जांच

ग्राम पंचायत रामपुर निवासी संजय प्रजापति ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास की प्रथम किस्त बैंक खाते में जमा नहीं होने की शिकायत रखी। आवेदक ने बताया कि तकनीकी त्रुटि के कारण उसे योजना की पहली किस्त नहीं मिल पाई है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तकनीकी समस्या की जांच कर किस्त खाते में जमा नहीं होने के कारणों का पता लगाने और आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नल-जल योजना के नल सूखे, मौके पर जांच के निर्देश

ग्राम पंचायत सेमरी खुर्द के ग्रामीणों ने नल-जल योजना के तहत लगाए गए नलों से पानी की आपूर्ति नहीं होने की समस्या उठाई। ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के कार्यपालन यंत्री को संबंधित सब इंजीनियर को मौके पर भेजकर स्थिति की जांच कराने और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मौके पर ही समस्याओं के समाधान के निर्देश

जनसुनवाई में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अन्य आवेदकों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ मामलों में मौके पर ही समस्याओं का निराकरण किया गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक आवेदक को उसकी समस्या के समाधान से संतुष्टि मिले।

जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला, एसडीएम नर्मदापुरम देवेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह खबर शेयर करें
शेयर