ब्रेकिंग
शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026
नक्शे देखें
Denva Post
सभी खबरें
लाइफस्टाइल डेस्क · 22-08-2026

धनिया जल्दी हो जाता है खराब? अपनाएं ये 4 आसान तरीके, लंबे समय तक रहेगा हरा और ताजा

हरा धनिया जल्दी खराब हो जाता है तो अपनाएं ये 4 आसान स्टोरेज टिप्स। जानें फ्रिज, फ्रीजर और पेपर टॉवल की मदद से धनिया लंबे समय तक कैसे ताजा रखें।

अखबार पढ़ें

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 22-08-2026
शेयर
धनिया जल्दी हो जाता है खराब? अपनाएं ये 4 आसान तरीके, लंबे समय तक रहेगा हरा और ताजा

लाइफस्टाइल डेस्क। हरा धनिया भारतीय रसोई में स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए लगभग हर दिन इस्तेमाल किया जाता है। सब्जी, दाल, चटनी से लेकर स्नैक्स तक, धनिया खाने का स्वाद बढ़ा देता है। लेकिन बाजार से लाया हुआ धनिया कुछ ही दिनों में मुरझाने लगता है और उसकी पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं।

अगर आप भी बार-बार धनिया खरीदने और साफ करने की परेशानी से बचना चाहते हैं, तो इसे सही तरीके से स्टोर करना जरूरी है। यहां धनिया को लंबे समय तक ताजा रखने के कुछ आसान तरीके बताए जा रहे हैं।

1. गीले पेपर टॉवल में रखें धनिया

सबसे पहले धनिया को छोटे-छोटे गुच्छों में बांट लें। इसके बाद पेपर टॉवल को हल्का गीला करके धनिया की जड़ों और नीचे के डंठल वाले हिस्से पर लपेट दें।

अब इसे किसी साफ प्लास्टिक कंटेनर में रखकर फ्रिज में स्टोर करें। इस तरीके से धनिया को करीब 15 दिनों तक ताजा और हरा रखने में मदद मिल सकती है।

2. प्लास्टिक रैप में करें स्टोर

धनिया को लंबे समय तक सुरक्षित रखने का दूसरा तरीका प्लास्टिक रैप है। धनिया को इस्तेमाल के हिसाब से छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें और प्रत्येक हिस्से को अलग-अलग प्लास्टिक रैप में लपेटें।

रैप करते समय कोशिश करें कि अंदर की हवा अधिक न रहे। इसके बाद इन्हें फ्रिज में रख दें। जरूरत के समय केवल उतना ही धनिया निकालें जितना इस्तेमाल करना हो।

3. काटकर फ्रीजर में रखें

अगर धनिया ज्यादा मात्रा में है और जल्दी इस्तेमाल नहीं होना है, तो इसे फ्रीजर में भी स्टोर किया जा सकता है। इसके लिए धनिया की जड़ें काटकर पत्तियों और डंठल को अच्छी तरह साफ करें। इसके बाद बारीक काटकर एयरटाइट कंटेनर में रखें और फ्रीजर में स्टोर करें।

एक अन्य तरीका है कि कटे हुए धनिए को आइस ट्रे में डालकर उसमें थोड़ा पानी भर दें। अब इसे फ्रीजर में रख दें। धनिया के क्यूब्स जमने के बाद उन्हें निकालकर जिप लॉक बैग में रखा जा सकता है। जरूरत के समय एक क्यूब निकालकर सीधे खाने में इस्तेमाल किया जा सकता है।

4. सुखाकर भी कर सकते हैं स्टोर

धनिया को लंबे समय तक रखने के लिए उसे सुखाकर स्टोर करने का विकल्प भी है। सबसे पहले धनिया को धोने के बाद उसकी अतिरिक्त नमी अच्छी तरह सूखने दें। इसके बाद इसे अखबार या साफ तौलिये पर फैलाकर रखें।

जब धनिया की नमी कम हो जाए, तो इसे माइक्रोवेव-सेफ ट्रे पर फैलाकर थोड़ी देर माइक्रोवेव किया जा सकता है। जब पत्तियां हल्की सूखकर क्रिस्पी हो जाएं तो उन्हें बाहर निकाल लें।

धनिया को पूरी तरह ठंडा होने के बाद क्रश करके या साबुत पत्तियों के रूप में साफ और एयरटाइट कंटेनर में रखें। इस तरह सूखे धनिए को लंबे समय तक स्टोर किया जा सकता है।

स्टोर करने से पहले एक बात का रखें ध्यान

धनिया को फ्रिज या फ्रीजर में रखने से पहले उसकी अतिरिक्त नमी हटाना बेहद जरूरी है। जरूरत से ज्यादा नमी रहने पर पत्तियां जल्दी खराब हो सकती हैं। वहीं, फ्रीजर में स्टोर किए गए धनिए का इस्तेमाल मुख्य रूप से सब्जी, दाल, सूप या अन्य पकवानों में किया जा सकता है।

इन आसान तरीकों की मदद से धनिए की बर्बादी कम की जा सकती है और जरूरत के समय आपके पास हमेशा तैयार धनिया मौजूद रहेगा।

यह खबर शेयर करें
शेयर