ब्रेकिंग
मंगलवार, 29 सितंबर 2026
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
Denva Post
सभी खबरें
लाईफस्टाइल डेस्क · 25-08-2026

Hair Care Tips: शैम्पू करते समय न करें ये 4 गलतियां, डॉक्टर ने बताया बाल धोने का सही तरीका

बाल धोते समय की छोटी गलतियां बालों में रूखापन, टूटने और स्कैल्प की समस्या बढ़ा सकती हैं। जानें शैम्पू करने का सही तरीका और जरूरी Hair Care Tips।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 25-08-2026
शेयर
Hair Care Tips: शैम्पू करते समय न करें ये 4 गलतियां, डॉक्टर ने बताया बाल धोने का सही तरीका

लाईफस्टाइल डेस्क। बालों की अच्छी सेहत के लिए सिर्फ महंगे या अच्छे शैम्पू का इस्तेमाल करना ही पर्याप्त नहीं है। बालों को किस तरह धोया जा रहा है, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है। अक्सर लोग शैम्पू करते समय कुछ छोटी-छोटी गलतियां कर बैठते हैं, जिनकी वजह से बालों में रूखापन, टूटने और स्कैल्प से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. आंचल पंथ के अनुसार, बाल धोते समय शैम्पू लगाने के तरीके पर ध्यान देना जरूरी है। कम पानी में शैम्पू लगाना, स्कैल्प को ठीक से साफ न करना और मेडिकेटेड शैम्पू का गलत तरीके से इस्तेमाल करना बालों की सेहत को प्रभावित कर सकता है। आइए जानते हैं शैम्पू करते समय किन गलतियों से बचना चाहिए।

1. हल्के गीले बालों पर शैम्पू न लगाएं

शैम्पू लगाने से पहले बालों को अच्छी तरह से गीला करना चाहिए। केवल हल्के गीले बालों पर शैम्पू लगाने से ज्यादा मात्रा में शैम्पू की जरूरत पड़ सकती है और उसे फैलाने के लिए बालों को अधिक रगड़ना पड़ सकता है।

इसलिए शैम्पू करने से पहले बालों और स्कैल्प को अच्छी तरह पानी से भिगो लें। बालों में पर्याप्त पानी होने पर शैम्पू आसानी से फैलता है और कम मात्रा में भी अच्छी तरह झाग बन सकता है। इससे बालों को ज्यादा रगड़ने की जरूरत नहीं पड़ती।

ये भी पढ़ें:Snake Plant Care Tips: स्नेक प्लांट की ग्रोथ के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स

2. शैम्पू लगाकर तुरंत न धोएं

कई लोग शैम्पू लगाते ही उसे तुरंत धो देते हैं। हालांकि, कुछ शैम्पू को स्कैल्प पर थोड़ी देर रहने की जरूरत होती है ताकि उसमें मौजूद क्लीनिंग एजेंट अपना काम कर सकें।

डॉ. आंचल पंथ के बताए अनुसार, शैम्पू को स्कैल्प पर करीब 3 से 5 मिनट तक रहने देने से सफाई बेहतर तरीके से हो सकती है। हालांकि, मेडिकेटेड शैम्पू के मामले में उसके पैक पर दिए गए निर्देशों का पालन करना ज्यादा जरूरी है।

3. सिर्फ सिर के ऊपर शैम्पू न लगाएं

शैम्पू लगाते समय अक्सर लोग सिर के ऊपरी हिस्से पर ज्यादा ध्यान देते हैं और पीछे के हिस्से को ठीक से साफ नहीं करते। इससे स्कैल्प के कुछ हिस्सों में तेल, गंदगी और डैंड्रफ जमा रह सकता है।

इसलिए शैम्पू को केवल सिर के ऊपर लगाने के बजाय पूरे स्कैल्प पर समान रूप से लगाएं। खासतौर पर पीछे के हिस्से और कानों के आसपास के स्कैल्प को भी अच्छी तरह साफ करें।

4. हर बार सिर्फ मेडिकेटेड शैम्पू पर निर्भर न रहें

डैंड्रफ, सेबोरिक डर्मेटाइटिस या सोरायसिस जैसी स्कैल्प समस्याओं में डॉक्टर मेडिकेटेड शैम्पू की सलाह दे सकते हैं। ऐसे शैम्पू किसी खास समस्या को नियंत्रित करने के लिए बनाए जाते हैं।

हालांकि, इनका इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह या प्रोडक्ट पर दिए निर्देशों के अनुसार ही करना चाहिए। कुछ मेडिकेटेड शैम्पू बालों को रूखा महसूस करा सकते हैं। ऐसे में जरूरत के अनुसार नियमित शैम्पू और कंडीशनर का इस्तेमाल बालों को मुलायम बनाए रखने में मदद कर सकता है।

ये भी पढ़ें:साबूदाना और सूजी की मिनी इडली रेसिपी, जानें आसान तरीका

बाल धोते समय इन बातों का भी रखें ध्यान

शैम्पू को बालों की लंबाई पर जोर-जोर से रगड़ने के बजाय मुख्य रूप से स्कैल्प की सफाई पर ध्यान दें। बालों की लंबाई को रगड़ने से अनावश्यक घर्षण बढ़ सकता है और बालों के टूटने की समस्या हो सकती है।

इसके अलावा बहुत गर्म पानी से बाल धोने से बचें। बालों को धोने के लिए सामान्य या हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल बेहतर विकल्प हो सकता है।

Disclaimer: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। Denvapost किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

यह खबर शेयर करें
शेयर