आँचलखेड़ा पंचायत में जांच दल की दस्तक, अभिलेख अभिरक्षा में लिए; DenvaPost की खबर के बाद प्रशासन हरकत में
आँचलखेड़ा पंचायत में प्रशासन ने जांच शुरू की। तीन सदस्यीय जांच दल ने सरपंच, सचिव व रोजगार सहायक से पूछताछ कर आवश्यक अभिलेख अभिरक्षा में लिए।


माखननगर। आँचलखेड़ा पंचायत में कथित अनियमितताओं को लेकर आखिरकार प्रशासन ने जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है। DenvaPost में मामला प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और बुधवार को तीन सदस्यीय जांच दल पंचायत कार्यालय पहुंचा। टीम ने सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक से पूछताछ करते हुए संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों को जांच के लिए अपनी अभिरक्षा में लिया।
जानकारी के अनुसार, तीन सदस्यीय जांच टीम करीब 11 बजे आँचलखेड़ा पंचायत पहुंची। टीम ने पंचायत में उपलब्ध विभिन्न रिकॉर्ड की जानकारी ली और सरपंच, सचिव तथा रोजगार सहायक से संबंधित मामलों को लेकर पूछताछ की। इसके बाद आवश्यक अभिलेख जांच के लिए अभिरक्षा में लिए गए।
अब रिकॉर्ड खंगालेगा जांच दल
जांच टीम द्वारा पंचायत से लिए गए अभिलेखों का अब बारीकी से परीक्षण किया जाएगा। रिकॉर्ड में दर्ज कार्यों, भुगतान, मस्टर रोल, योजनाओं से संबंधित दस्तावेज और अन्य प्रशासनिक अभिलेखों का मिलान किए जाने की संभावना है। जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई का रास्ता खुल सकता है।
हालांकि, जांच पूरी होने और आधिकारिक रिपोर्ट सामने आने तक किसी व्यक्ति को दोषी ठहराना जल्दबाजी होगी। अब जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं।
DenvaPost की खबर के बाद शुरू हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि DenvaPost ने आँचलखेड़ा पंचायत से जुड़े मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच के लिए टीम गठित कर पंचायत में जांच शुरू कराई।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जांच में रिकॉर्ड क्या कहानी सामने लाता है? क्या पंचायत के दस्तावेजों में सब कुछ नियमों के मुताबिक मिलेगा या फिर जांच के दौरान कोई गड़बड़ी सामने आएगी?
