ब्रेकिंग
गुरुवार, 27 अगस्त 2026
Maps
Denva Post
सभी खबरें
इंदौर · 27-07-2026

इंदौर उर्मिला सैनी हत्याकांड में नया मोड़: सिरविहीन शव के 6 किमी दूर मिला सिर

इंदौर के उर्मिला सैनी हत्याकांड में नया मोड़। सिरविहीन शव मिलने के बाद 6 किलोमीटर दूर खेत से मानव सिर बरामद। पुलिस डीएनए टेस्ट से पहचान की पुष्टि करेगी।

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
Editor-in-Chief · 27-07-2026
शेयर
इंदौर उर्मिला सैनी हत्याकांड में नया मोड़: सिरविहीन शव के 6 किमी दूर मिला सिर

इंदौर। इंदौर के चर्चित उर्मिला सैनी हत्याकांड में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। पत्नी की हत्या के बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी अखिलेश सैनी का पहले रेलवे ट्रैक पर सिरविहीन शव मिला था। अब उसी स्थान से करीब छह किलोमीटर दूर एक खेत में मानव सिर बरामद हुआ है। पुलिस ने सिर को कब्जे में लेकर डीएनए जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सिर उसी सिरविहीन शव का है या नहीं।

रेलवे ट्रैक पर मिला था सिरविहीन शव

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को विदिशा जिले के गंजबासौदा-पवई रेलवे स्टेशन के बीच पोल नंबर 925 के पास रेलवे ट्रैक पर एक सिरविहीन शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को केवल धड़ मिला था।

शव की जेब से मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान अखिलेश सैनी के रूप में होने की संभावना जताई गई। अगले दिन मृतक के पिता सीताराम सैनी ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की, जिसके बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

छह किलोमीटर तक चला सर्च ऑपरेशन

शव का सिर नहीं मिलने पर पुलिस ने रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्र में करीब छह किलोमीटर तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

इसके बाद 24 जुलाई को महागौर गांव के पास रेलवे ट्रैक से लगभग 500 मीटर दूर एक खेत में ग्रामीणों ने मानव सिर पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सिर को बरामद कर जांच शुरू कर दी।

डीएनए टेस्ट से होगी पहचान

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद मानव सिर काफी क्षतिग्रस्त अवस्था में था और उस पर मांस नहीं बचा था, जिससे मौके पर उसकी पहचान संभव नहीं हो सकी।

अब पुलिस पहले मिले धड़ और बरामद सिर का डीएनए परीक्षण कराएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही यह पुष्टि हो सकेगी कि दोनों अवशेष एक ही व्यक्ति के हैं या नहीं।

पत्नी की हत्या के बाद फरार था अखिलेश

गौरतलब है कि अखिलेश सैनी अपनी पत्नी उर्मिला सैनी की हत्या के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और उस पर घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई थी। इसी बीच उसका सिरविहीन शव मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया।

11 जुलाई को हुई थी उर्मिला सैनी की हत्या

इस सनसनीखेज हत्याकांड की शुरुआत 11 जुलाई को हुई थी। इंदौर में सरकारी आवास में रहने वाली 38 वर्षीय पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की उनके घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

स्कूल से लौटे दोनों बच्चों ने घर के अंदर अपनी मां का खून से लथपथ शव देखा था, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। अब माता-पिता दोनों के नहीं रहने से बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता गहरा गई है।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई बिंदुओं पर जारी है। डीएनए रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही अखिलेश सैनी की मौत और उर्मिला सैनी हत्याकांड से जुड़े सभी सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे।

यह खबर शेयर करें
शेयर