ब्रेकिंग
सोमवार, 31 अगस्त 2026
Denva Post
सभी खबरें
आलीराजपुर · 27 दिन पहले

MP News: उमराली में 7 माह की गर्भवती महिला की मौत, कथित बंगाली डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

सात माह की गर्भवती महिला की इलाज के दौरान हुई मौत ने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने कथित झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जिसके बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 27 दिन पहले
शेयर
MP News: उमराली में 7 माह की गर्भवती महिला की मौत, कथित बंगाली डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

आलीराजपुर। जिले के उमराली क्षेत्र के ग्राम सुमनियावाट में सात माह की गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत हो जाने से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय भिन्टी थानका के रूप में हुई है। परिजनों ने एक कथित बंगाली डॉक्टर पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के अनुसार भिन्टी थानका सात माह की गर्भवती थी। शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर उसे गांव में इलाज के लिए एक कथित बंगाली डॉक्टर के पास ले जाया गया। आरोप है कि डॉक्टर ने महिला को ड्रिप चढ़ाई और कुछ दवाइयां दीं। उपचार के कुछ समय बाद ही उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी।

महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और ग्रामीणों में भी गहरा आक्रोश देखा गया।

मृतका के परिजनों का कहना है कि यदि समय पर उचित और विशेषज्ञ चिकित्सा मिल जाती तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली। अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच, चिकित्सकीय परीक्षण और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर लगाया जाएगा। यदि जांच में किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में कथित झोलाछाप और अवैध चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे उपचार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने, अवैध क्लीनिकों पर सख्त निगरानी रखने और ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

यह खबर शेयर करें
शेयर