अजित पवार के निधन के साथ ही NCP विलय की बातचीत खत्म: सुप्रिया सुले, दोनों गुटों के एक होने की अटकलों पर लगाया विराम
बोलीं- भाई के जीवित रहते चल रही थी विलय की चर्चा, उनके जाने के बाद बातचीत पर लगा पूर्ण विराम; अमित शाह से नेताओं की मुलाकात और शरद पवार से बैठकों के बाद तेज हुई थीं सियासी अटकलें


मुंबई/नई दिल्ली। महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि उनके भाई और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के जीवित रहने तक दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन उनके निधन के दिन ही इन चर्चाओं पर पूर्ण विराम लग गया।
शनिवार को मीडिया से चर्चा करते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि दोनों दलों के विलय को लेकर अजित पवार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत की थी। इस दिशा में क्या योजना थी और बातचीत किस स्तर तक पहुंची थी, इसकी जानकारी भी सार्वजनिक रही है। हालांकि, अजित पवार के अचानक निधन के बाद अब उनकी ओर से इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हो रही है।
सुले का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र में एनसीपी के दोनों गुटों के फिर से एक होने की अटकलें तेज थीं। शरद पवार से अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से एनसीपी नेताओं की बातचीत के बाद राजनीतिक गलियारों में संभावित विलय को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
सुनेत्रा पवार से मुलाकात में विलय पर चर्चा नहीं: भरणे
इससे पहले महाराष्ट्र के मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने शुक्रवार को स्पष्ट किया था कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के आवास पर हुई मुलाकात में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।
भरणे के मुताबिक, पार्टी के कुछ विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में सूखे की स्थिति और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करने के लिए सुनेत्रा पवार से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से कोई औपचारिक बैठक नहीं बुलाई गई थी और न ही विलय के मुद्दे पर कोई बातचीत हुई। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विधायक सुनेत्रा पवार के नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े हैं।
शरद पवार से नेताओं की मुलाकात के बाद बढ़ी थीं अटकलें
पिछले सप्ताह सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने शरद पवार से मुलाकात की थी। इनमें प्रफुल्ल पटेल और सांसद पार्थ पवार समेत अन्य नेता शामिल थे। इन मुलाकातों के बाद दोनों गुटों के बीच राजनीतिक नजदीकियां बढ़ने और विलय की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
इसके बाद सुनेत्रा पवार ने बारामती में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि उचित समय आने पर सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। उनके इस बयान को भी संभावित राजनीतिक बदलाव से जोड़कर देखा गया था।
वहीं, सुप्रिया सुले ने शरद पवार से दूसरे गुट के नेताओं की मुलाकातों को सामान्य शिष्टाचार बताया। उनका कहना था कि अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता शरद पवार से मिलते रहते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से एनसीपी नेताओं की मुलाकात पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए इसे दूसरी पार्टी का आंतरिक मामला बताया।
अमित शाह के पुणे दौरे पर टिकी राजनीतिक नजरें
एनसीपी के दोनों गुटों के बीच संभावित एकजुटता की चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 15 और 16 नवंबर को महाराष्ट्र के पुणे जिले का प्रस्तावित दौरा भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान भाजपा, एनसीपी और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों से उनकी मुलाकात की संभावना जताई जा रही है।
इस दौरे को महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे अमित शाह
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर को अमित शाह पुणे जिला परिषद परिसर में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम में एनसीपी के विधायक, मंत्री, सांसद और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम की जानकारी पार्टी नेताओं को फोन के माध्यम से दी गई है। एनसीपी सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने प्रतिमा अनावरण के लिए औपचारिक अनुरोध किया था। अमित शाह के दौरे के दौरान महायुति गठबंधन और एनडीए से जुड़े राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सुनील तटकरे ने भी स्वीकार की थी विलय की पुरानी बातचीत
एनसीपी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने हाल ही में स्वीकार किया था कि अजित पवार के जीवित रहते दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी। उन्होंने कहा था कि यदि विमान हादसे में अजित पवार का निधन नहीं हुआ होता तो 12 फरवरी को दोनों गुट एक हो सकते थे।
तटकरे के इस बयान के बाद विलय की चर्चाओं को और बल मिला था। हालांकि, अब सुप्रिया सुले ने स्पष्ट कर दिया है कि अजित पवार के निधन के बाद उनकी ओर से इस विषय पर कोई बातचीत नहीं हो रही है।
अमित शाह से सुनेत्रा और पार्थ पवार की मुलाकात भी चर्चा में
कुछ दिन पहले उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके बेटे एवं सांसद पार्थ पवार ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद एनसीपी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल भी शाह से मिला था। इसमें प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, दिलीप वलसे पाटिल, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ और धनंजय मुंडे शामिल बताए गए थे।
इन मुलाकातों के बाद पार्टी के दोनों गुटों के विलय, संगठनात्मक बदलाव और राजनीतिक समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, सुप्रिया सुले के ताजा बयान ने फिलहाल इन चर्चाओं पर विराम लगाने का संकेत दिया है।
महाराष्ट्र की राजनीति में अब नजर इस बात पर रहेगी कि अमित शाह के पुणे दौरे के दौरान एनसीपी नेताओं के बीच क्या राजनीतिक संवाद होता है और दोनों गुटों के भविष्य को लेकर आगे क्या रुख सामने आता है।

