MP News: मध्य प्रदेश में महंगा हुआ सांची दूध, 14 नवंबर से नई दरें लागू
मध्य प्रदेश में सांची दूध की कीमतों में 1 से 4 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। फुल क्रीम दूध 74 रुपये लीटर मिलेगा। जानिए सभी वैरायटी की नई कीमतें।


भोपाल। मध्य प्रदेश में दूध उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। अमूल के बाद अब मध्य प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (MPCDF) ने भी सांची पैक्ड दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 14 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। फेडरेशन ने दूध की अलग-अलग श्रेणियों के दाम में प्रति लीटर एक से चार रुपये तक की वृद्धि की है। इससे भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में दूध खरीदना महंगा हो जाएगा।
नई मूल्य सूची के अनुसार, सबसे ज्यादा बढ़ोतरी फुल क्रीम दूध में की गई है। अब एक लीटर फुल क्रीम दूध के लिए ग्राहकों को 74 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले इसकी कीमत 70 रुपये थी। इसी तरह आधा लीटर फुल क्रीम दूध का पैकेट 35 रुपये से बढ़कर 37 रुपये का हो गया है।
सांची दूध की नई रेट लिस्ट
सांची डेयरी ने दूध की अलग-अलग श्रेणियों के लिए संशोधित कीमतें जारी की हैं। नई दरों के मुताबिक अब ग्राहकों को पहले की तुलना में ज्यादा कीमत चुकानी होगी।
दूध की श्रेणी पुरानी कीमत नई कीमत
फुल क्रीम (1 लीटर) ₹70 ₹74
फुल क्रीम (500 मिलीलीटर) ₹35 ₹37
स्टैंडर्ड (1 लीटर) ₹63 ₹67
स्टैंडर्ड (500 मिलीलीटर) ₹32 ₹34
टोन्ड (1 लीटर) ₹58 ₹59
टोन्ड (500 मिलीलीटर) ₹29 ₹30
गाय का दूध (1 लीटर) — ₹64
डबल टोन्ड (500 मिलीलीटर) ₹27 ₹28
स्किम्ड (1 लीटर) ₹47 ₹49
स्किम्ड (500 मिलीलीटर) ₹24 ₹25
चाह/अमृत दूध (1 लीटर) ₹62 ₹65
टी स्पेशल (1 लीटर) ₹56 ₹58
दूध की खरीद और ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ा
एमपीसीडीएफ के प्रबंध संचालक जयदेव बिस्वास के अनुसार, दूध की खरीद, पैकिंग सामग्री और परिवहन पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते दुग्ध संघों के सामने वित्तीय संतुलन बनाए रखने की चुनौती पैदा हो रही थी।
इसी वजह से दूध की कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया। फेडरेशन का कहना है कि नई दरों से बढ़ती लागत के बीच दुग्ध संघों की आर्थिक स्थिति को संतुलित रखने में मदद मिलेगी।
भोपाल, इंदौर समेत इन शहरों में लागू होंगी नई दरें
सांची दूध की बढ़ी हुई कीमतें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड दुग्ध संघों के विपणन क्षेत्रों में लागू होंगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश के बाहर भी जिन क्षेत्रों में दुग्ध संघों की ओर से सांची दूध बेचा जाता है, वहां भी इसी अनुपात में कीमतें बढ़ाई जाएंगी।
इस फैसले का असर प्रदेश के उन लाखों परिवारों पर पड़ेगा, जो रोजाना घरेलू जरूरतों के लिए सांची पैक्ड दूध खरीदते हैं।
अमूल के बाद सांची ने भी बढ़ाए दाम
सांची से पहले अमूल ने भी 12 नवंबर 2026 से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। कंपनी ने अलग-अलग श्रेणियों में प्रति लीटर दो से चार रुपये तक की वृद्धि की।
अमूल गोल्ड का एक लीटर पैकेट 70 रुपये से बढ़कर 74 रुपये हो गया, जबकि अमूल फ्रेश की कीमत 57 रुपये से बढ़कर 59 रुपये प्रति लीटर हो गई।
लगातार दो प्रमुख डेयरी ब्रांडों की ओर से कीमतें बढ़ाए जाने से दूध उपभोक्ताओं के मासिक घरेलू बजट पर असर पड़ना तय है। खासकर उन परिवारों को ज्यादा खर्च करना होगा, जिनके घरों में रोजाना कई लीटर दूध की खपत होती है।

