अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में बड़ी गड़बड़ी, देशभर में रोकी गईं सभी उड़ानें; 22 केंद्र प्रभावित
अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल के 22 क्षेत्रीय केंद्रों में संचार गड़बड़ी से देशभर की उड़ानें रोक दी गईं। जानिए क्या है पूरा मामला और कब बहाल होंगी उड़ानें।


वाशिंगटन। अमेरिका में शुक्रवार दोपहर हवाई यातायात व्यवस्था अचानक प्रभावित हो गई। एयर ट्रैफिक कंट्रोल के क्षेत्रीय केंद्रों में संचार संबंधी तकनीकी खराबी सामने आने के बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशभर में सभी उड़ानों को रोकने का फैसला किया। एफएए ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया। इस गड़बड़ी का असर देश के सभी 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों पर पड़ा।
परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, तकनीकी समस्या के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों के बीच संचार व्यवस्था प्रभावित हुई। ये केंद्र अलग-अलग एयरपोर्ट के बीच उड़ान भरने वाले विमानों की आवाजाही और उनके सुरक्षित संचालन को नियंत्रित करते हैं। ऐसे में संचार व्यवस्था बाधित होने से विमानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गईं। एफएए के तकनीकी विशेषज्ञों ने समस्या की जांच शुरू कर दी है।
2023 के बाद पहली बार देशव्यापी उड़ानें रोकी गईं
अमेरिका में जनवरी 2023 के बाद यह पहली बार है, जब तकनीकी खराबी के कारण देशभर में उड़ानों पर रोक लगाने की नौबत आई है। जनवरी 2023 में एफएए के नोटिस टू एयर मिशन (NOTAM) सिस्टम में खराबी आ गई थी। इस वजह से हवाई यातायात प्रभावित हुआ था और हजारों उड़ानों में देरी या उन्हें रद्द करना पड़ा था।
इससे पहले 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकी हमलों के बाद अमेरिका ने देशभर में सभी उड़ानों को रोकने का ऐतिहासिक फैसला लिया था। हालांकि, मौजूदा स्थिति 2001 की घटना से अलग है, क्योंकि इस बार विमानों को तत्काल जमीन पर उतारने का आदेश नहीं दिया गया।
पुरानी तकनीक को बदलने में जुटी अमेरिकी सरकार
अमेरिकी सरकार लंबे समय से एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को आधुनिक बनाने की कोशिश कर रही है। इसके लिए पिछले साल कांग्रेस ने 12.5 अरब डॉलर की राशि मंजूर की थी। इस परियोजना के तहत पुराने तांबे के तारों को हटाकर फाइबर ऑप्टिक केबल बिछाई जा रही हैं। इसके अलावा एयरपोर्ट पर इस्तेमाल होने वाले पुराने रेडियो सिस्टम को भी बदला जा रहा है।
हालांकि, इस पूरी व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए अभी बड़े निवेश की जरूरत है। परिवहन मंत्री सीन डफी के अनुसार, परियोजना को पूरा करने के लिए करीब 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त राशि चाहिए। व्हाइट हाउस इस संबंध में कांग्रेस से मंजूरी लेने की कोशिश कर रहा है।
एआई सिस्टम की भूमिका की भी होगी जांच
इस तकनीकी गड़बड़ी के पीछे संभावित कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। सीनेटर मुलिन के मुताबिक, जांचकर्ता यह भी देखेंगे कि कहीं इस समस्या का संबंध एफएए के नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम से तो नहीं है।
यह एआई सिस्टम संभावित समस्याओं की पहचान करने और विमानों के लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाने में मदद करता है। हालांकि, इसका संचालन वाशिंगटन डीसी के पास एक स्थान से होता है और यह एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों को केवल सुझाव भेजता है।
सितंबर में भी सामने आई थी संचार संबंधी समस्या
विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ स्टीव अरोयो ने शुक्रवार को आई तकनीकी खराबी की तुलना सितंबर में अमेरिका के पूर्वोत्तर क्षेत्र में सामने आई संचार समस्या से की। उस समय भी संचार व्यवस्था प्रभावित होने के कारण सैकड़ों उड़ानों पर असर पड़ा था। हालांकि, इस बार समस्या का दायरा कहीं अधिक व्यापक रहा और इसका असर पूरे देश में देखने को मिला।
यूनाइटेड एयरलाइंस के पूर्व पायलट अरोयो के अनुसार, यदि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर विमानों के पायलटों से संपर्क नहीं कर पाते हैं, तो विमानों को जमीन पर रोकना ही सबसे सुरक्षित विकल्प होता है। ऐसी स्थिति में विमानों को उड़ान भरने की अनुमति देना जोखिम भरा हो सकता है।
उड़ानें कब होंगी बहाल, अभी स्थिति स्पष्ट नहीं
फिलहाल अमेरिकी प्रशासन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि देशभर में उड़ानों पर लगी रोक कब हटाई जाएगी। तकनीकी विशेषज्ञ संचार व्यवस्था में आई खराबी के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। जांच पूरी होने और हवाई यातायात व्यवस्था के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद ही उड़ानों को सामान्य करने का फैसला लिया जा सकेगा।

