ब्रेकिंग
शनिवार, 14 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
शहडोल · 10 मिनट पहले

सांदीपनि विद्यालय के निर्माण में लापरवाही पर भड़के कलेक्टर

बुढ़ार-कटकोना में निर्माणाधीन भवन का किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर निर्माण एजेंसी को पेनाल्टी का नोटिस जारी करने के निर्देश; गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की दी चेतावनी

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
Editor-in-Chief · 10 मिनट पहले
शेयर
सांदीपनि विद्यालय के निर्माण में लापरवाही पर भड़के कलेक्टर

शहडोल। जिले के बुढ़ार-कटकोना स्थित सांदीपनि विद्यालय के निर्माणाधीन भवन में लापरवाही और गुणवत्ता संबंधी खामियां सामने आई हैं। निर्माण कार्य की धीमी गति के साथ शौचालयों का निर्माण भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने इस पर नाराजगी जताते हुए अमानक निर्माण को तोड़कर निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा कराने के निर्देश दिए। वहीं, निर्माण कार्य में देरी को लेकर संबंधित निर्माण एजेंसी को पेनाल्टी लगाने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए कहा है।

शुक्रवार को कलेक्टर पार्थ जायसवाल और जिला पंचायत सीईओ शिवम प्रजापति ने सांदीपनि विद्यालय के निर्माणाधीन भवन के साथ बालक एवं बालिका छात्रावासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

शौचालयों का खुद कराया माप, मानकों में मिली खामियां

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शौचालयों के निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने स्वयं शौचालयों का माप करवाकर उनके आकार और निर्माण की स्थिति की जांच की। जांच में शौचालयों का आकार निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके अलावा फ्लश की साइज में भी मानकों के अनुसार निर्माण नहीं किया गया था।

निर्माण में सामने आई इन खामियों पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को अमानक निर्माण हटाकर निर्धारित मापदंडों के अनुसार दोबारा कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

देरी पर निर्माण एजेंसी पर पेनाल्टी की तैयारी

विद्यालय भवन और छात्रावासों के निर्माण में धीमी प्रगति को लेकर भी कलेक्टर ने असंतोष जाहिर किया। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी को पेनाल्टी लगाने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे कराने को कहा।

कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में आवश्यक सड़क निर्माण, वृक्षारोपण और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पूरे परिसर को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था मिल सके।

गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की चेतावनी

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और प्रत्येक स्तर पर गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय और छात्रावास विद्यार्थियों की सुविधा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्माण हैं। ऐसे में निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सोहागपुर अमृता गर्ग, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा, बीईओ चंदेल, तहसीलदार बुढ़ार मनोज सिंह सहित भवन निर्माण मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह खबर शेयर करें
शेयर