छठ के खरना पर बनाएं गुड़ और दूध वाली पारंपरिक खीर, जानिए आसान रेसिपी
छठ महापर्व के खरना पर बनाएं पारंपरिक गुड़ और दूध वाली खीर। जानिए चावल, दूध, गुड़ और मेवे से स्वादिष्ट खरना खीर बनाने की आसान विधि।


लाइफस्टाइल डेस्क। लोक आस्था के महापर्व छठ की रौनक बिहार सहित देश के कई राज्यों में देखने को मिल रही है। चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व में हर दिन का अपना विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। नहाय-खाय से पर्व की शुरुआत होती है, जबकि दूसरे दिन खरना मनाया जाता है। खरना के दिन व्रती महिलाएं पूरे विधि-विधान और शुद्धता के साथ गुड़ और दूध से बनी खीर तैयार करती हैं। इसे सूर्यदेव और छठी मैया को भोग लगाने के बाद प्रसाद के रूप में परिवार और लोगों में वितरित किया जाता है।
छठ पर्व में खरना की खीर का विशेष महत्व है। इसे बनाने में चावल, दूध और गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है। खास बात यह है कि इस खीर में सामान्य चीनी की जगह गुड़ डाला जाता है, जिससे इसका स्वाद अलग और पारंपरिक होता है। अगर आप भी घर पर खरना वाली स्वादिष्ट खीर बनाना चाहते हैं, तो कुछ आसान स्टेप्स में इसे तैयार कर सकते हैं।
खरना की खीर बनाने के लिए सामग्री
चावल – 1 कप
दूध – 2 से 3 लीटर
गुड़ – लगभग 200 ग्राम
हरी इलायची पाउडर – 1 चम्मच
बादाम – आवश्यकतानुसार
काजू – आवश्यकतानुसार
चिरौंजी और किशमिश – आवश्यकतानुसार
देसी घी – 1 चम्मच
ऐसे बनाएं खरना वाली गुड़ की खीर
पहला स्टेप : चावल और दूध की तैयारी
सबसे पहले एक कप चावल लें। इसे अच्छी तरह साफ करके धो लें और करीब एक घंटे के लिए पानी में भिगो दें। चावल भिगोने से ये जल्दी पक जाते हैं। खीर को गाढ़ा और स्वादिष्ट बनाने के लिए दूध की मात्रा पर्याप्त रखें। एक कप चावल के लिए लगभग 2 से 3 लीटर दूध लिया जा सकता है।
दूसरा स्टेप : गुड़ और मेवे तैयार करें
गुड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें, ताकि वह आसानी से पिघल सके। इसके साथ बादाम और काजू को बारीक काट लें। चिरौंजी और किशमिश भी तैयार रखें। खीर में स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए इलायची पाउडर का इस्तेमाल करें।
तीसरा स्टेप : दूध में पकाएं चावल
अब एक भारी तली वाली कड़ाही या बड़ा बर्तन लें और उसमें दूध डालकर उबालें। दूध में उबाल आने पर भीगे हुए चावल डाल दें। धीमी आंच पर चावल को दूध के साथ पकाएं। इस दौरान खीर को बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि चावल बर्तन की तली में न चिपके और दूध जले नहीं।
चौथा स्टेप : इस तरह मिलाएं गुड़
खीर बनाते समय एक बात का विशेष ध्यान रखें कि सीधे उबलते दूध में गुड़ न डालें। इससे दूध फटने की आशंका रहती है। इसके लिए अलग बर्तन में थोड़ा पानी गर्म करके उसमें गुड़ डालें और धीमी आंच पर पूरी तरह पिघला लें। जब चावल दूध में अच्छी तरह पकने लगें, तब गुड़ के घोल को छानकर धीरे-धीरे खीर में मिलाएं। इस दौरान आंच धीमी रखें और खीर को लगातार चलाते रहें।
पांचवां स्टेप : इलायची और मेवे डालकर करें तैयार
जब खीर अच्छी तरह पककर गाढ़ी हो जाए, तब इसमें इलायची पाउडर और कटे हुए बादाम, काजू, चिरौंजी व किशमिश मिला दें। इसे करीब पांच मिनट तक और पकाएं। आखिर में एक चम्मच देसी घी डालकर गैस बंद कर दें।
तैयार है खरना का स्वादिष्ट प्रसाद
इस तरह दूध, चावल और गुड़ से बनी पारंपरिक खरना खीर तैयार हो जाएगी। इसे गर्म या अपनी पसंद के अनुसार हल्का ठंडा करके परोसा जा सकता है। छठ व्रत के दौरान खरना का प्रसाद विशेष शुद्धता और परंपरागत नियमों के अनुसार तैयार किया जाता है। वहीं, व्रत नहीं रखने वाले लोग भी सर्दियों में गुड़ वाली इस स्वादिष्ट खीर का आनंद ले सकते हैं।

