मार्च 2027 तक पूरा होगा निर्माणाधीन तवा ब्रिज, संभाग आयुक्त श्रीकांत बनोठ ने दिए निर्देश
अब तक 75 प्रतिशत काम पूरा, निर्माण सामग्री की टेस्टिंग रिपोर्ट देखी; गुणवत्ता जांच के लिए समय-समय पर थर्ड पार्टी ऑडिट कराने पर जोर


नर्मदापुरम। निर्माणाधीन तवा ब्रिज का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए संभाग आयुक्त श्रीकांत बनोठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को उन्होंने निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री और गुणवत्ता जांच की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त ने ब्रिज निर्माण में उपयोग किए जा रहे सीमेंट और कंक्रीट सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सामग्री की टेस्टिंग रिपोर्ट भी देखी। निर्माण स्थल पर उपलब्ध प्रयोगशाला और गुणवत्ता परीक्षण के उपकरणों की जानकारी लेते हुए उन्होंने जांच की प्रक्रिया को भी समझा।
समय-सीमा में पूरा करें निर्माण कार्य
संभाग आयुक्त श्री बनोठ ने कहा कि ब्रिज निर्माण के लिए समय-सीमा निर्धारित है, इसलिए सभी आवश्यक मापदंडों का पालन करते हुए कार्य तय समय में पूरा किया जाए। उन्होंने पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और स्लैब निर्माण की प्रक्रिया को भी देखा। अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण के प्रत्येक चरण में निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट पर जोर
संभाग आयुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर थर्ड पार्टी ऑडिट कराने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की नियमित जांच होनी चाहिए। टेस्टिंग रिपोर्ट और अन्य गुणवत्ता संबंधी रिकॉर्ड भी व्यवस्थित रूप से संधारित किए जाएं।
मार्च 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने बताया कि तवा ब्रिज का लगभग 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य को मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच समय-समय पर की जा रही है और इसकी रिपोर्ट संधारित की जा रही है।

