Shahdol News: घरेलू विवाद में बेटे ने पिता की हत्या, मां पर भी किया हमला, आरोपी गिरफ्तार
शहडोल के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान बेटे ने कथित रूप से पिता की लाठी से पीटकर हत्या कर दी और मां को घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।


शहडोल। जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही पिता की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची मां पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दऊआ बैगा (50) के रूप में हुई है। बताया गया कि दऊआ बैगा और उनकी पत्नी यशोदा मजदूरी कर मंगलवार सुबह घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद दऊआ ने भोजन बनाने के लिए कहा। इसी दौरान घर में मौजूद पुत्र अंजू इस बात पर नाराज हो गया और कहने लगा कि वह स्वयं खाना बनाकर माता-पिता को खिलाएगा। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले अपनी मां यशोदा के साथ मारपीट की। मां को बचाने के लिए जब दऊआ बैगा बीच में आए तो आरोपी ने लाठी से उनके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से दऊआ बैगा मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने घायल दंपती को तत्काल जयसिंहनगर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान दऊआ बैगा की मौत हो गई, जबकि यशोदा का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि आरोपी पुत्र के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस घटना के कारणों और अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घरेलू विवाद में हुई इस दर्दनाक वारदात से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।