ब्रेकिंग
शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 3 मिनट पहले

संभाग आयुक्त श्रीकांत बनोठ ने आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण

ठंड से बचाव के इंतजाम करने के निर्देश, भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाने को कहा

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 3 मिनट पहले
शेयर
संभाग आयुक्त श्रीकांत बनोठ ने आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण

नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत संभाग आयुक्त श्री श्रीकांत बनोठ ने 13 नवंबर को तवा नगर स्थित आदर्श उच्चतर माध्यमिक आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही विद्यार्थियों के आवास, भोजन और शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में 242 विद्यार्थी आवासीय व्यवस्था के तहत रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय की कुल क्षमता 245 विद्यार्थियों की है। यहां अध्ययनरत सभी विद्यार्थी आदिवासी वर्ग से आते हैं। इसके अलावा एक अन्य स्थान पर अनुसूचित जाति वर्ग के 50 विद्यार्थियों के लिए भी आवासीय शिक्षा की व्यवस्था संचालित है।

ठंड से बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

संभाग आयुक्त श्री बनोठ ने विद्यार्थियों की आवासीय व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आगामी दिनों में बढ़ने वाली ठंड को देखते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को ठंड से बचाने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े, बिस्तर और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान

संभाग आयुक्त ने विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता और परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जाए। विद्यार्थियों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा रसोई और भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए।

शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने पर जोर

उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए शिक्षा का स्तर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने और उनकी शैक्षणिक प्रगति के लिए नियमित विशेष कक्षाएं संचालित करने को कहा। संभाग आयुक्त ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

यह खबर शेयर करें
शेयर