ब्रेकिंग
शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 4 मिनट पहले

धान उपार्जन केंद्रों का समय रहते चिन्हांकन करें, कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने दिए भौतिक सत्यापन के निर्देश

उपार्जन केंद्रों पर बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, रबी फसल की बोवनी के अनुसार खाद की मांग और आपूर्ति का होगा आकलन

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 4 मिनट पहले
शेयर
धान उपार्जन केंद्रों का समय रहते चिन्हांकन करें, कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने दिए भौतिक सत्यापन के निर्देश

नर्मदापुरम। जिले में आगामी धान उपार्जन और रबी फसल की तैयारियों को लेकर कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन शुरू होने से पहले सभी प्रस्तावित केंद्रों का समय रहते चिन्हांकन किया जाए और उनका भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित हो। अधिकारियों को स्वयं केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपार्जन के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

शुक्रवार को कलेक्टर वशिष्ठ ने जिला उपार्जन सेल, कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में खाद वितरण व्यवस्था और आगामी धान उपार्जन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर धान की तुलाई के लिए बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता रखी जाए। आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त बारदानों का इंतजाम भी पहले से किया जाए।

डांगरवाड़ी क्षेत्र में खाद की निर्बाध आपूर्ति के निर्देश

कलेक्टर ने खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एक्सेप्शनल हैंडलिंग केसेस के अंतर्गत डांगरवाड़ी क्षेत्र के किसानों को उर्वरक की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए कृषि विभाग के मैदानी अमले को सक्रिय रहने और किसानों की खाद संबंधी जरूरतों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने आगामी रबी फसल की बोवनी का क्षेत्रवार विश्लेषण करने पर जोर दिया। साथ ही बोवनी के संभावित रकबे और किसानों की मांग के अनुरूप खाद की उपलब्धता एवं आपूर्ति का पूर्व आकलन करने को कहा, ताकि जरूरत के समय किसानों को उर्वरक की कमी का सामना न करना पड़े।

नरवाई प्रबंधन करने वाले किसानों और पंचायतों को मिलेगा प्रोत्साहन

बैठक में नरवाई प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में खरीफ फसल की कटाई पूरी हो चुकी है, वहां नरवाई प्रबंधन के लिए आवश्यक कृषि यंत्रों की उपलब्धता बढ़ाई जाए। किसानों को फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने के लिए जागरूक और प्रोत्साहित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने सफलतापूर्वक नरवाई प्रबंधन किया है, उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। इसके साथ ही ऐसी ग्राम पंचायतों को भी सम्मानित किया जाए, जहां नरवाई का शत-प्रतिशत प्रबंधन सुनिश्चित किया गया हो।

किसान संगठनों के साथ नियमित बैठकें करने के निर्देश

कलेक्टर वशिष्ठ ने किसान संगठनों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को शासन की कृषि एवं आय संवर्धन संबंधी योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाए। साथ ही उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियां अपनाने और खेती के माध्यम से आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाए।

यह खबर शेयर करें
शेयर