मोहासा औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, उद्योगों की उत्पादन प्रक्रिया का किया निरीक्षण
निवेश, औद्योगिक विस्तार और रोजगार के नए अवसरों को लेकर अधिकारियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों से की चर्चा


नर्मदापुरम। जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने शुक्रवार को मोहासा औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत किए गए इस दौरे में उन्होंने औद्योगिक इकाइयों की वर्तमान स्थिति, उत्पादन गतिविधियों और उद्योग स्थापना की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही भविष्य में औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर अधिकारियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने सबसे पहले ग्रू सोलर एनर्जी के प्लांट का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सोलर फोटोवोल्टाइक मॉड्यूल्स के निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझा और प्लांट में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। कंपनी के अधिकारियों से चर्चा करते हुए उन्होंने उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता मानकों, कर्मचारियों को उपलब्ध रोजगार तथा भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजनाओं की जानकारी ली।
इसके बाद कलेक्टर आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स के परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने औद्योगिक एवं मेडिकल क्षेत्र में उपयोग होने वाली गैसों के उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि प्लांट में वर्तमान में नाइट्रोजन, ऑक्सीजन और आर्गन का लिक्विड रूप में उत्पादन किया जा रहा है। इन गैसों की आपूर्ति विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के साथ मेडिकल क्षेत्र में भी की जाती है।
कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं और उद्योगों की आवश्यकताओं को लेकर एमपीआईडीसी के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की। उन्होंने उद्योगों के सुचारू संचालन, नए निवेश को प्रोत्साहित करने तथा आगामी समय में औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं विकसित करने की संभावनाओं की जानकारी ली।
मोहासा औद्योगिक क्षेत्र को जिले में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और रोजगार के नए अवसर विकसित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में यहां स्थापित उद्योगों की उत्पादन क्षमता, निवेश की संभावनाओं और आधारभूत सुविधाओं का नियमित आकलन औद्योगिक विकास की दिशा में अहम भूमिका निभा सकता है।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक नवीन शुक्ला सहित एमपीआईडीसी के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
