ब्रेकिंग
शनिवार, 17 अक्टूबर 2026
नक्शे देखें
Denva Post
सभी खबरें
मध्यप्रदेश · 11-05-2025

Shahdol News : घर के सामने से गुजरते थे रेत से भरे ट्रैक्टर, युवक ने किया विरोध तो...

शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ दबंगों ने बुरी तरह मारपीट की। मारपीट करने के बाद युवक का अपहरण कर आरोपी उसे अपने साथ ले गए और कार में दोबारा मारपीट की। इस दौरान गांव के एक व्यक्ति ने कार को देखकर सड़क पर अपने वाहन को रोका और दबंगों को सम…

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 11-05-2025
शेयर
Shahdol News : घर के सामने से गुजरते थे रेत से भरे ट्रैक्टर, युवक ने किया विरोध तो...

शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ दबंगों ने बुरी तरह मारपीट की। मारपीट करने के बाद युवक का अपहरण कर आरोपी उसे अपने साथ ले गए और कार में दोबारा मारपीट की। इस दौरान गांव के एक व्यक्ति ने कार को देखकर सड़क पर अपने वाहन को रोका और दबंगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, इसके बाद पीड़ित युवक को उसके घर पहुंचाया गया। युवक को गंभीर चोटें आई हैं। दबंगों ने पीड़ित से कहा कि थाना प्रभारी हमारा रिश्तेदार है, तू कुछ भी कर ले, हमारा कुछ नहीं बिगड़ेगा। युवक ने बताया कि विवाद केवल इतना था कि अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर उसके घर के सामने से गुजर रहे थे। इसका उसने विरोध किया था। जिससे दबंग नाराज हो गए और अकेला पाकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी।

पीड़ित युवक तैयब खान पिता नासिर (26) ने बताया कि वह गोहपारू थाना क्षेत्र के बरहा गांव का रहने वाला है। राजेश सिंह, देवेंद्र ठाकुर, सूर्या सिंह गांव के दबंग लोग हैं। पीड़ित युवक का आरोप है कि ये सभी मिलकर पास के नदी-नालों से रेत का अवैध उत्खनन कर दिन-रात गांव में इसका परिवहन करते हैं। पीड़ित युवक ने बताया कि रेत से भरे ट्रैक्टर दिनभर उसके घर के सामने से गुजरते हैं, जो आरोपियों के हैं। उसने ट्रैक्टर चालकों से कहा था कि वे घर के सामने से रेत से भरे ट्रैक्टरों को तेजी से न ले जाया करें, क्योंकि घर के बाहर बच्चे खेलते हैं। इसी बात को लेकर ट्रैक्टर मालिक और गांव के दबंग राजेश सिंह, देवेंद्र, सूर्या और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की।

यह घटना बीती रात घटी। युवक ने बताया कि वह मोटरसाइकिल से बाजार से वापस गांव लौट रहा था, तभी गांव के जंगल में आरोपी अपने कई साथियों के साथ पहले से ही मौजूद थे। तैयब को आता देख उन्होंने उसे जंगल में रोक लिया और बेरहमी से मारपीट की। इतने पर भी जब आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो वे युवक को कार में बैठाकर शहडोल-रीवा हाईवे पर स्थित एक ढाबे के सामने ले गए और वहां भी कार में उसकी पिटाई की। तभी मोटरसाइकिल से गुजर रहे गांव के एक शख्स ने कार को पहचान लिया और रुककर देखा तो उसमें मारपीट हो रही थी। उस व्यक्ति ने हस्तक्षेप कर समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

पीड़ित युवक ने बताया कि उसे गंभीर चोटें आई हैं। उसके चेहरे, हाथ और पैरों पर चोट के निशान हैं। दबंगों ने गांव के जंगल में ही उसकी मोटरसाइकिल को नदी में फेंक दिया। युवक का आरोप है कि दबंगों ने मारपीट के दौरान कहा था कि गोहपारू थाना प्रभारी हमारा रिश्तेदार है, तुझे जो करना है कर ले, हमारा कुछ नहीं बिगड़ेगा। पुलिस का कहना है कि युवक थाने पहुंचा है, मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

यह खबर शेयर करें
शेयर