ब्रेकिंग
शुक्रवार, 28 अगस्त 2026
Denva Post
सभी खबरें
नई दिल्ली · 29 दिन पहले

राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार, संबित पात्रा बोले- कोर्ट में कई बार माफी मांग चुके हैं राहुल

राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार। संबित पात्रा ने कहा- राहुल कोर्ट में कई बार माफी मांग चुके हैं, गृह मंत्री और गोलीबारी के आरोप भी बताए निराधार।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 29 दिन पहले
शेयर
राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार, संबित पात्रा बोले- कोर्ट में कई बार माफी मांग चुके हैं राहुल

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयानों पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तीखा पलटवार किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी के आरोपों का एक-एक कर जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी सार्वजनिक मंचों पर भले ही माफी न मांगने की बात करते हों, लेकिन अदालत में कई मामलों में लिखित रूप से माफी मांग चुके हैं।

'कोर्ट में कई बार माफी मांग चुके हैं राहुल'

संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने हाल ही में शिवराज सिंह चौहान से जुड़े मानहानि मामले में अदालत में लिखित रूप से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा कि इससे पहले 'चौकीदार चोर है' टिप्पणी के मामले में भी राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर खेद व्यक्त करना पड़ा था।

उन्होंने कहा, "राहुल गांधी माइक के सामने माफी नहीं मांगते, लेकिन कोर्ट में जाकर एफिडेविट देकर माफी मांगते हैं। यह उनका रिकॉर्ड है।"

छात्रों पर गोलीबारी के आरोपों को बताया निराधार

बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी के उस आरोप को भी खारिज किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि छात्र प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने की मंजूरी केंद्रीय गृह मंत्री ने दी थी। पात्रा ने कहा कि संबंधित घटना में किसी प्रकार की गोलीबारी नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी के पास गोली चलने के कोई प्रमाण, कारतूस या बैलिस्टिक रिपोर्ट है तो वे सार्वजनिक करें। पात्रा के मुताबिक, किसी भी विरोध प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय प्रशासन, विशेष रूप से सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM), कानून-व्यवस्था से जुड़े निर्णय लेता है।

गृह मंत्री और पुलिस अधिकारियों की बातचीत के दावे पर सवाल

राहुल गांधी के उस दावे पर भी बीजेपी ने सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने गृह मंत्री को पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात करते देखा। संबित पात्रा ने कहा कि संसद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी के बीच ऐसा दावा विश्वसनीय नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले भी कई मामलों में तथ्यहीन दावे कर चुके हैं और पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर तथा पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के नाम पर भी गलत बयान दे चुके है।

Source: @ANI · View on X

अमित शाह के काफिले को लेकर भी दिया जवाब

संबित पात्रा ने राहुल गांधी के उस आरोप को भी खारिज किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 गाड़ियों के काफिले में चलते हैं क्योंकि वे डरे हुए हैं।

पात्रा ने कहा कि यह दावा पूरी तरह गलत है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी के पास इसका कोई प्रमाण है तो वह सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा कि अमित शाह ऐसे नेता हैं जिनसे नक्सली और आतंकवादी डरते हैं, न कि वे स्वयं भयभीत हैं।

क्या हैं राहुल गांधी के आरोप?

राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित कार्रवाई और गोलीबारी के लिए केंद्रीय गृह मंत्री जिम्मेदार हैं। उन्होंने गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उन्हें संसद में आकर जवाब देना चाहिए।

वहीं, बीजेपी ने राहुल गांधी के सभी आरोपों को निराधार बताते हुए उन्हें तथ्यों के साथ सामने आने की चुनौती दी है। इस मुद्दे को लेकर संसद के भीतर और बाहर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

यह खबर शेयर करें
शेयर