ब्रेकिंग
शुक्रवार, 11 सितंबर 2026
नए स्थान तलाशें
Denva Post
सभी खबरें
मध्यप्रदेश · 08-03-2026

Mp Weather Today:मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी, कई शहरों में तापमान 39 डिग्री के करीब

भोपाल। मध्यप्रदेश में इस बार गर्मी ने तय समय से पहले ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मार्च के पहले पखवाड़े में ही प्रदेश के कई शहरों में तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंच गया है। मालवा–निमाड़ क्षेत्र में सबसे ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है, जहां दिन के समय लू …

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 08-03-2026
शेयर
Mp Weather Today:मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी, कई शहरों में तापमान 39 डिग्री के करीब

भोपाल। मध्यप्रदेश में इस बार गर्मी ने तय समय से पहले ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मार्च के पहले पखवाड़े में ही प्रदेश के कई शहरों में तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंच गया है।

नए स्थान तलाशें

मालवा–निमाड़ क्षेत्र में सबसे ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है, जहां दिन के समय लू जैसी तपिश का अहसास हो रहा है। इंदौर और उज्जैन संभाग के कई जिलों में तापमान 38 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं का असर मध्यप्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है। इसी वजह से धूप का तीखापन लगातार बढ़ रहा है। विभाग का अनुमान है कि रंगपंचमी के दिन भी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत अधिकांश शहरों में तेज गर्मी बनी रह सकती है।

हवा की दिशा बदलने से बढ़ी गर्मी

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। हवा में नमी की कमी और रेगिस्तानी क्षेत्रों से आने वाली गर्म हवाओं के कारण मार्च की शुरुआत में ही तापमान तेजी से बढ़ गया है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अप्रैल और मई के दौरान प्रदेश में लू का प्रभाव अधिक रहेगा और करीब 15 से 20 दिनों तक हीट वेव चल सकती है। कई संभागों में तापमान 45 डिग्री के पार जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

रतलाम रहा सबसे गर्म

शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रतलाम में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा धार में 38.5 डिग्री, नर्मदापुरम में 37.6 डिग्री, सागर में 37.2 डिग्री और गुना में 37 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। बड़े शहरों में उज्जैन 36.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि इंदौर में 36.4, भोपाल में 35.2, ग्वालियर में 35.7 और जबलपुर में 34.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगा तापमान

आमतौर पर प्रदेश में 15 मार्च के बाद गर्मी तेज होती है, लेकिन इस बार शुरुआत से ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक और वृद्धि हो सकती है, जिससे कई शहरों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।

दोपहर में सावधानी बरतने की सलाह

तेज धूप और बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

यह खबर शेयर करें
शेयर