लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त आज: 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में आएंगे 1,835 करोड़ रुपये
लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त 13 सितंबर को जारी होगी। CM मोहन यादव 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में 1,835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित करेंगे।


भोपाल। मध्यप्रदेश की महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से जुड़ी बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 13 सितंबर को आगर मालवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाड़ली बहना योजना की सितंबर माह की 40वीं किस्त का अंतरण करेंगे।
इस किस्त के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ 09 लाख 22 हजार 450 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता सीधे अंतरित की जाएगी।
सितंबर में मिलेगी 1,500 रुपये की मासिक सहायता
वर्तमान में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे।
इसके बाद अक्टूबर 2023 से सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 1,250 रुपये प्रतिमाह किया गया। नवंबर 2025 से फिर 250 रुपये की वृद्धि की गई, जिसके बाद वर्तमान में पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह मिल रहे हैं।
जून 2023 से अब तक 40वीं नियमित किस्त
सरकार के अनुसार जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना के तहत 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब सितंबर 2026 में 40वीं नियमित किस्त का अंतरण किया जा रहा है।
इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई थी।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाली महिलाओं को भी लाभ
योजना के प्रावधानों के तहत ऐसी पात्र महिलाओं को भी इसका लाभ दिया जा रहा है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से प्रतिमाह 900 रुपये प्राप्त होते हैं। ऐसी स्थिति में पात्रता के अनुसार उन्हें अंतर की राशि उपलब्ध कराई जाती है।
अब तक 63,560 करोड़ रुपये से अधिक का अंतरण
सरकारी आंकड़ों के अनुसार जून 2023 से अगस्त 2026 तक मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं के बैंक खातों में 63,560.90 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है।
सितंबर 2026 की 40वीं किस्त के बाद योजना के तहत नियमित मासिक सहायता के रूप में अंतरित कुल राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी।
2026-27 में 23,882 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। वहीं सितंबर 2026 तक वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के अंतर्गत करीब 11,300 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है।
आगर मालवा को विकास कार्यों की सौगात भी देंगे CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाड़ली बहना योजना की किस्त अंतरण कार्यक्रम के साथ आगर मालवा जिले में विभिन्न विकास कार्यों का भी शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री 225 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। इसके अलावा 28 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा।
इस तरह आगर मालवा में आयोजित कार्यक्रम में एक ओर प्रदेश की करोड़ों महिलाओं को लाड़ली बहना योजना की मासिक आर्थिक सहायता मिलेगी, वहीं दूसरी ओर जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात भी मिलेगी।
