ब्रेकिंग
सोमवार, 19 अक्टूबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
मुरैना · 5 मिनट पहले

भाजपा विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक के सूने मकान में चोरी, 4 लाख का सामान पार

45 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर ले गए चोर, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस

अशोक शर्मा
अशोक शर्मा
Sub Editor · 5 मिनट पहले
शेयर
भाजपा विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक के सूने मकान में चोरी, 4 लाख का सामान पार

शहर की कृष्णा बिहार कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 4 लाख रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात भाजपा के प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक एवं अधिवक्ता लोकेंद्र सिंह तोमर के मकान में हुई। अज्ञात चोर 45 हजार रुपये नकद सहित सोने और चांदी के कीमती जेवर चोरी कर ले गए। घटना 16 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

ताले तोड़कर घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, वारदात के समय लोकेंद्र सिंह तोमर के माता-पिता किसी आवश्यक कार्य से गांव गए हुए थे। घर पर किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजों के ताले तोड़ दिए और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद बदमाशों ने घर के कमरों में रखे सामान को खंगाला और एक कमरे में रखे लोहे के बक्से को तोड़कर उसमें रखी नकदी और जेवर चोरी कर लिए।

चोरों ने बक्से में रखे 45 हजार रुपये नकद, सोने की झुमकी, सोने की अंगूठी और चांदी की दो जोड़ी पायल पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।

गांव से लौटने पर चला चोरी का पता

परिजनों के गांव से वापस लौटने पर मकान के ताले टूटे मिले और घर के अंदर सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई और पुलिस को सूचना दी गई। बंद मकान में चोरी की घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

स्टेशन रोड थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला के अनुसार, कृष्णा बिहार कॉलोनी में चोरी की घटना हुई है। परिजनों के वापस लौटने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी मिली। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है।

जांच के दौरान फुटेज में बाइक पर जाते हुए कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। फिलहाल चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
कोरियर सर्विस चुनें
नक्शे देखें
स्थानीय परमिट लें