इंदौर में 15 हजार पौधों के वृक्षारोपण में शामिल हुए कैलाश विजयवर्गीय, बोले- संविधान की मर्यादा में हो प्रदर्शन
जेन जी प्रदर्शन को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए प्रदर्शन , डंडे हमने भी खाए।


इंदौर। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार को इंदौर स्थित कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित 15 हजार पौधों के वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि पेड़ मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विजयवर्गीय ने हाल ही में दिल्ली में हुए GEN Z (जेन-जी) प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां सभी नागरिकों को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है। हालांकि, प्रदर्शन संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप होना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई लोगों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जो किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। विजयवर्गीय ने कहा, "हमने भी अपने राजनीतिक जीवन में कई आंदोलन किए हैं, लाठियां खाई हैं, लेकिन कभी असंवैधानिक तरीके से प्रदर्शन नहीं किया। दिल्ली में बैठे करीब 500 लोगों ने पूरे विश्व में भारत की छवि खराब करने का प्रयास किया।"
अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब आंदोलनों के दौरान पुलिस की लाठियां सहनी पड़ती थीं, जबकि आज वही पुलिस सम्मानपूर्वक उनकी गाड़ी का दरवाजा खोलती है। उन्होंने इसे जनता के आशीर्वाद और लोकतांत्रिक व्यवस्था का परिणाम बताया।
विजयवर्गीय ने कहा कि देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को प्राप्त है, लेकिन अपनी बात संविधान और सामाजिक मर्यादाओं के दायरे में रहकर ही रखनी चाहिए। उन्होंने आपातकाल (इमरजेंसी) का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बोलने की आजादी पर प्रतिबंध था, जबकि वर्तमान में लोगों को खुलकर अपनी बात रखने की स्वतंत्रता है।
उत्तर प्रदेश के एक मौलाना के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि "ऐसे लोग बेवकूफी भरी बातें करते हैं। उनके खिलाफ संवैधानिक कार्रवाई होनी चाहिए।"
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर विजयवर्गीय ने विश्वास जताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी वहां निश्चित रूप से जीत दर्ज करेगी।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।