ब्रेकिंग
शुक्रवार, 4 सितंबर 2026
नए स्थान तलाशें
Denva Post
सभी खबरें
Janmashtami 2026 · 20 मिनट पहले

जन्माष्टमी पर कान्हा को लगाएं मखाना पाग का भोग

जन्माष्टमी पर कान्हा को मखाना पाग का भोग लगाएं। जानिए मखाना, ड्राई फ्रूट्स और नारियल से स्वादिष्ट मखाना पाग बनाने की आसान रेसिपी।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 20 मिनट पहले
शेयर
जन्माष्टमी पर कान्हा को लगाएं मखाना पाग का भोग

Janmashtami 2026: जन्माष्टमी के पावन पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री का भोग लगाने की परंपरा है। लेकिन अगर इस बार आप कान्हा के लिए कुछ अलग और खास प्रसाद बनाना चाहते हैं, तो मखाना पाग एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।

मखाने, ड्राई फ्रूट्स, नारियल और चीनी से तैयार होने वाला मखाना पाग स्वाद में बेहद खास होता है। इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। जन्माष्टमी के भोग के लिए इसे बनाकर भगवान श्रीकृष्ण को तुलसी दल के साथ अर्पित किया जा सकता है।

मखाना पाग बनाने के लिए सामग्री

फूल मखाना – 3 कप यानी करीब 100 ग्राम

चीनी – 1.5 कप

पानी – 3/4 कप

सूखा नारियल – 1/2 कप कद्दूकस किया हुआ

काजू और बादाम – 1/4 कप बारीक कटे हुए

खरबूजे के बीज – 2 बड़े चम्मच

हरी इलायची पाउडर – 1/2 छोटी चम्मच

देसी घी – 3 से 4 बड़े चम्मच

ऐसे बनाएं मखाना पाग

1. मखाने और ड्राई फ्रूट्स भूनें

सबसे पहले भारी तले की कढ़ाई में करीब 2 चम्मच देसी घी गर्म करें। इसमें कटे हुए काजू, बादाम और खरबूजे के बीज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इन्हें एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें।

अब उसी कढ़ाई में बचा हुआ घी डालें और धीमी आंच पर मखानों को लगातार चलाते हुए करीब 5 से 6 मिनट तक भूनें। जब मखाने कुरकुरे होकर आसानी से टूटने लगें तो गैस बंद कर दें।

मखाने ठंडे होने के बाद उन्हें मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें। इसके बाद कद्दूकस किए हुए सूखे नारियल को भी हल्का भून लें।

2. तैयार करें एक तार की चाशनी

अब कढ़ाई में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर पकाएं। चीनी पूरी तरह घुलने के बाद इसे कुछ मिनट और उबलने दें।

मखाना पाग के लिए एक तार की चाशनी तैयार करनी है। चाशनी की जांच करने के लिए उसकी थोड़ी सी बूंद लेकर ठंडा करें और अंगूठे व उंगली के बीच फैलाकर देखें। अगर एक तार बन रहा है, तो चाशनी तैयार है।

अब इसमें इलायची पाउडर डालकर मिला दें।

3. मखाना और ड्राई फ्रूट्स मिलाएं

चाशनी तैयार होने के बाद गैस की आंच धीमी कर दें। इसमें दरदरा पिसा हुआ मखाना, भुना हुआ नारियल और पहले से भुने काजू-बादाम व खरबूजे के बीज डाल दें।

सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण को लगातार चलाते रहें, जब तक यह गाढ़ा होकर कढ़ाई का तला छोड़ने न लगे।

4. पाग को जमाएं

एक थाली या ट्रे में थोड़ा सा देसी घी लगाकर उसे चिकना कर लें। तैयार मखाना मिश्रण को इसमें डालें और चम्मच की मदद से समान रूप से फैला दें।

जब मिश्रण हल्का गुनगुना रह जाए, तभी चाकू से इसे अपनी पसंद के अनुसार चौकोर, डायमंड या बर्फी के आकार में काट लें।

पूरी तरह ठंडा होने के बाद मखाना पाग के टुकड़ों को अलग कर लें।

कान्हा को ऐसे लगाएं मखाना पाग का भोग

मखाना पाग तैयार होने के बाद इसे भगवान श्रीकृष्ण को भोग में अर्पित किया जा सकता है। धार्मिक परंपरा के अनुसार भोग में तुलसी दल रखना शुभ माना जाता है।

जन्माष्टमी के दिन घर पर तैयार किया गया यह प्रसाद परिवार और श्रद्धालुओं के बीच भी बांटा जा सकता है। मखाने और मेवों के कारण यह स्वादिष्ट होने के साथ प्रसाद के तौर पर भी खास विकल्प बन सकता है।

ये भी पढ़े:जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को पंचामृत का भोग लगाएं। जानिए पंचामृत में कौन-सी 5 चीजें पड़ती हैं

यह खबर शेयर करें
शेयर