ब्रेकिंग
सोमवार, 31 अगस्त 2026
Maps
Denva Post
सभी खबरें
छिंदवाड़ा · 28 दिन पहले

10 साल पुराने प्रेम संबंध का खौफनाक अंत: बेटे ने दोस्तों संग मां के प्रेमी की हत्या, शव डैम में फेंका

8-10 साल पुराने प्रेम संबंध का खूनी अंजाम: बेटे ने दोस्तों के साथ मिलकर की हत्या, शव नदी में फेंका

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 28 दिन पहले
शेयर
10 साल पुराने प्रेम संबंध का खौफनाक अंत: बेटे ने दोस्तों संग मां के प्रेमी की हत्या, शव डैम में फेंका

छिंदवाड़ा। जिले के बिछुआ थाना क्षेत्र के पुलपुलडोह गांव में एक दशक पुराने प्रेम संबंध का अंत सनसनीखेज हत्याकांड में हुआ। मां के प्रेम संबंध से नाराज बेटे ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर मां के प्रेमी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को चादर में लपेटकर मोटरसाइकिल से कई किलोमीटर दूर दांत फाड़िया नदी स्थित स्टाफ डैम में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना या गुमशुदगी का प्रतीत हो। हालांकि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने रविवार को बताया कि 31 जुलाई को पुलपुलडोह निवासी सकुन बनवारी ने गांव के ध्रुपदास रेरवारे (55) के लापता होने की शिकायत थाना बिछुआ में दर्ज कराई थी। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे और एसडीओपी भारती जाट के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश उइके के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से मृतक की लोकेशन और संपर्कों की जांच की गई।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दांत फाड़िया नदी स्थित स्टाफ डैम में एक शव दिखाई दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान ध्रुपदास रेरवारे के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से स्पष्ट हुआ कि मौत डूबने से नहीं, बल्कि सिर पर किए गए जानलेवा हमले से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

गांव में चर्चा का विषय था प्रेम संबंध

जांच में सामने आया कि मृतक ध्रुपदास रेरवारे का गांव की रहने वाली गीता बादशाह (50) से पिछले 8 से 10 वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के रिश्ते की चर्चा पूरे गांव में होती थी। इससे गीता का बेटा कृष्णकांत उर्फ प्यारे बादशाह नाराज रहता था। उसने कई बार दोनों को संबंध खत्म करने के लिए समझाया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। सामाजिक बदनामी से परेशान होकर वह अपनी पत्नी के साथ दूधगांव स्थित ससुराल में रहने लगा था।

मां के घर पहुंचा तो प्रेमी को देखकर आपा खो बैठा

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई की रात करीब 11 बजे कृष्णकांत अपने दोस्तों अजय उर्फ अज्जू विश्वकर्मा और शकील खान के साथ मोटरसाइकिल से मां का हालचाल लेने पुलपुलडोह पहुंचा। घर के अंदर उसने ध्रुपदास को पलंग पर सोते देखा। यह देखकर वह गुस्से से भर गया और घर में रखी लोहे की फूंकनी उठाकर ध्रुपदास के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण ध्रुपदास की मौके पर ही मौत हो गई।

शव को डैम में फेंककर साक्ष्य मिटाने की कोशिश

हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने शव को चादर में लपेटा और पल्सर मोटरसाइकिल से दांत फाड़िया नदी स्थित स्टाफ डैम तक ले जाकर पानी में फेंक दिया। आरोपियों को उम्मीद थी कि मामला गुमशुदगी या हादसे का लगेगा, लेकिन पुलिस की जांच में पूरी साजिश बेनकाब हो गई।

महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गीता बादशाह, उसके बेटे कृष्णकांत उर्फ प्यारे बादशाह, अजय उर्फ अज्जू विश्वकर्मा और शकील खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की फूंकनी और शव ले जाने में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

यह खबर शेयर करें
शेयर