ब्रेकिंग
गुरुवार, 17 सितंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
बालाघाट · 03-08-2026

सामाजिक बदनामी के डर में दफनाया नवजात! गोबर के गड्ढे से मिला शव, आरोपी नाना ने जहर पीकर की आत्महत्या की कोशिश

बालाघाट के वारासिवनी में गोबर के गड्ढे से नवजात का शव मिला। अविवाहित बेटी के बच्चे को दफनाने का आरोप नाना पर है। गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। मामला खुलने पर आरोपी ने कीटनाशक पी लिया।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 03-08-2026
शेयर
सामाजिक बदनामी के डर में दफनाया नवजात! गोबर के गड्ढे से मिला शव, आरोपी नाना ने जहर पीकर की आत्महत्या की कोशिश

बालाघाट। जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम नांदगांव (गोपीटोला) में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां घर के पीछे बने गोबर के गड्ढे से एक नवजात शिशु का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में आरोप है कि सामाजिक बदनामी के डर से अविवाहित बेटी के नवजात बेटे को उसके नाना ने गड्ढे में दफना दिया। मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटना 31 जुलाई की रात की है। सूचना मिली थी कि गोपीटोला निवासी धारासिंह मड़ावी (40) ने अपनी अविवाहित बेटी के नवजात शिशु को घर के पीछे स्थित गोबर के गड्ढे में दफना दिया है। सूचना मिलते ही वारासिवनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लगातार हो रही बारिश और अंधेरा होने के कारण रात में शव नहीं निकाला जा सका।

अगले दिन सुबह नायब तहसीलदार, चिकित्सकों की टीम और पुलिस की मौजूदगी में गड्ढे की खुदाई कर नवजात का शव बाहर निकाला गया।

गले और मुंह पर बंधा था कपड़ा, हत्या की आशंका

शव मिलने के बाद घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध पाई गईं। नवजात के गले और मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

ग्रामीणों के मुताबिक, घटना वाली रात मड़ावी के घर से नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी थी। अगले दिन जब लोगों ने बच्चे के बारे में पूछताछ की तो परिवार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इससे ग्रामीणों को संदेह हुआ। आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं ने भी युवती के गर्भवती होने की पुष्टि की, जिसके बाद ग्रामीणों ने बैठक कर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी ने पीया जहर

मामले की जानकारी मिलने और पुलिस के पहुंचने की सूचना पर आरोपी धारासिंह मड़ावी ने कथित रूप से जहरीला कीटनाशक पी लिया। उसे पहले वारासिवनी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार पुलिस निगरानी में जारी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस ने नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। यदि हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य छिपाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और परिजनों सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
झीलें और नदियां
डाक और पैकेज डिलीवरी
भौगोलिक संदर्भ
झीलें और नदियां