बांकीपुर उपचुनाव: CJP पर बोले प्रशांत किशोर, कहा- 'छात्रों के मुद्दे पर बिहार आएंगे तो स्वागत करेंगे'
बिहार के बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने सीजेपी को लेकर बड़ा बयान दे दिया है. उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के बिहार आने की संभावनाओं पर स्वागत करने की बात कही है. जनसुराज चीफ प्रशांत किशोर ने कहा, "अगर सीजेपी के लोग छात्रों के मुद्दे को लेकर बिहार में काम करने आते हैं तो जन सुराज पार्टी उनका स्वागत करेगी.


पटना। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि CJP (सीजेपी) के लोग छात्रों के हितों और उनके मुद्दों को लेकर बिहार में काम करने आते हैं, तो जन सुराज पार्टी उनका स्वागत करेगी।
प्रशांत किशोर ने कहा कि सोनम वांगचुक उनके मित्र हैं और दिल्ली में चला आंदोलन किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर संबंधित मामलों में कार्रवाई नहीं होती है, तो चुनाव आयोग (Election Commission) के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर क्या कहा?
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर प्रशांत किशोर ने दावा किया कि छात्रों के आंदोलन के दबाव में उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
प्रशांत किशोर ने जेडीयू नेता नहीं बल्कि राजद नेता तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जन सुराज को समर्थन देने के तुरंत बाद तेज प्रताप यादव को बेउर जेल भेज दिया गया। उन्होंने पूछा कि जब प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, तो केवल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी क्यों की गई।
उन्होंने बिहार पुलिस और प्रशासन से मांग की कि गिरफ्तारी के आधार और लगाई गई धाराओं की जानकारी सार्वजनिक की जाए। प्रशांत किशोर ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध का उदाहरण बताया।
बीजेपी पर लगाया दबाव बनाने का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि बांकीपुर उपचुनाव में 'जीविका दीदियों' पर भाजपा के पक्ष में मतदान करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रखे कई मुद्दे
रविवार, 26 जुलाई, को पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रशांत किशोर ने छात्र आंदोलन, चुनावी माहौल, तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी और बांकीपुर उपचुनाव से जुड़े कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। उनके इन बयानों के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।
