Shivpuri: भंडारे की बासी खीर खाने से 56 लोग बीमार, एक महिला गंभीर
शिवपुरी के सतनवाड़ाकलां गांव में सुंदरकांड भंडारे की बची खीर खाने से 56 लोग बीमार पड़ गए। फूड पॉइजनिंग की आशंका, खीर के नमूने जांच के लिए भेजे गए।


शिवपुरी। जिले के सतनवाड़ाकलां गांव में सुंदरकांड के भंडारे के बाद बची खीर खाने से कथित फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। प्रसाद के रूप में बासी खीर खाने के कुछ घंटों बाद 56 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर और बेहोशी जैसी शिकायतें होने लगीं। प्रभावित लोगों को तत्काल सतनवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल रेफर किया गया है।
भंडारे के अगले दिन खाई गई बची हुई खीर
जानकारी के अनुसार, गांव के बाग वाले हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया था। श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में मालपुआ और खीर वितरित की गई। भंडारे के बाद बची हुई खीर को अगले दिन रविवार को भी कुछ ग्रामीणों ने प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। इसके कुछ समय बाद कई लोगों की तबीयत अचानक खराब होने लगी।
56 लोग प्रभावित, अधिकांश को मिली छुट्टी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, फूड पॉइजनिंग की आशंका में कुल 56 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें 21 पुरुष और 35 महिलाएं शामिल हैं। सतनवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती 40 मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य मरीजों का इलाज शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में जारी है।
फंगस लगने की आशंका, जांच के लिए भेजे गए नमूने
सतनवाड़ा थाना प्रभारी भोलाराम पुरोहित ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बची हुई खीर खराब हो गई थी और उसमें फंगस लग गई थी। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजय ऋषिश्वर ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने खीर के नमूने प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में लगाया गया स्वास्थ्य शिविर
बीएमओ डॉ. विनय पिप्पल ने बताया कि मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। मेडिकल टीम लगातार ग्रामीणों की जांच, उपचार और स्वास्थ्य पर निगरानी रख रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि लंबे समय तक रखा हुआ या संदिग्ध खाद्य पदार्थ खाने से बचें और भोजन के बाद उल्टी, दस्त या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।