पचमढ़ी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के SDO संजीव शर्मा के ठिकानों पर छापा
भोपाल, छिंदवाड़ा और पचमढ़ी में संपत्तियों की जांच, आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज; सरकारी आवास से दस्तावेज खंगाल रही टीम


पचमढ़ी। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पदस्थ एसडीओ संजीव शर्मा के खिलाफ लोकायुक्त भोपाल की टीम ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में दर्ज प्रकरण के बाद लोकायुक्त की टीम ने पचमढ़ी स्थित उनके शासकीय आवास और छिंदवाड़ा स्थित निजी निवास पर छानबीन शुरू की। वहीं भोपाल में भी उनकी संपत्ति होने की जानकारी जांच में सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, लोकायुक्त भोपाल ने एसडीओ संजीव शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का प्रकरण दर्ज किया था। इसके बाद विशेष न्यायालय से अनुमति मिलने पर शनिवार सुबह दोनों स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई। लोकायुक्त की अलग-अलग टीमें आवासों में मौजूद दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच कर रही हैं।
तीन शहरों में संपत्ति होने की जानकारी
प्रारंभिक जांच में एसडीओ संजीव शर्मा की भोपाल, छिंदवाड़ा और पचमढ़ी में संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है। छिंदवाड़ा स्थित उनके निजी आवास पर जांच के दौरान बड़ी मात्रा में संपत्ति से संबंधित जानकारी मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, संपत्ति का वास्तविक मूल्य और उसका वैध-अवैध स्वरूप विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सरकारी आवास में दस्तावेजों की पड़ताल
पचमढ़ी की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एसडीओ के शासकीय आवास पर भी लोकायुक्त की टीम दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच का उद्देश्य उनकी ज्ञात आय, अर्जित संपत्ति और व्यय के बीच अंतर का आकलन करना है। इसके लिए संपत्ति के दस्तावेज, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी संपत्ति की वास्तविक स्थिति
लोकायुक्त के अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल कार्रवाई और जांच जारी है। सभी ठिकानों से प्राप्त दस्तावेजों और जानकारियों का परीक्षण करने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि एसडीओ संजीव शर्मा के पास कुल कितनी संपत्ति है और उनकी ज्ञात आय की तुलना में संपत्ति कितनी अधिक है।
लोकायुक्त भोपाल के डीएसपी अजय मिश्रा ने बताया कि एसडीओ संजीव शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। पचमढ़ी स्थित शासकीय आवास और छिंदवाड़ा स्थित निजी आवास पर कार्रवाई की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही कुल अर्जित संपत्ति का पता चल सकेगा।
