जनता और प्रशासन के सीधे संवाद से मजबूत होता है जनविश्वास: डॉ. शर्मा
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन संवाद शिविर आयोजित, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित


नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप प्रदेश में प्रत्येक शुक्रवार आयोजित किए जा रहे मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार 11 सितंबर को नर्मदापुरम में जन संवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला, नर्मदापुरम नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा, डीएफओ गौरव शर्मा, भारत सरकार की दूरसंचार सलाहकार समिति के सदस्य विकास नारोलिया सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

11 हितग्राहियों को फूड बास्केट, 10 को योजनाओं का लाभ
जन संवाद शिविर के दौरान जरूरतमंद हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। 11 हितग्राहियों को फूड बास्केट वितरित किए गए।
इसके अलावा लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 5 हितग्राहियों, कॉलेज छात्रवृत्ति के तहत 2 हितग्राहियों तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत 5 हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया।
शिविर में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी देने के साथ ही युवा उद्यमियों, इनफ्लुएंसर्स और युवाओं से संवाद किया गया। युवाओं ने अपने अनुभव, सुझाव और विचार भी साझा किए।
‘जन सुविधा से बढ़ता है जन विश्वास’: डॉ. सीतासरन शर्मा
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि जब समस्याओं का समाधान करने वाले अधिकारी, राजनेता और जनप्रतिनिधि स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनसे सीधा संवाद करते हैं, तो इससे जनविश्वास और मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि जन सुविधा से जन विश्वास बढ़ता है और इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुरू किया है। अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि नागरिक जब अपनी समस्याएं सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने रखते हैं तथा उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई होती है, तो प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि प्रगतिशील समाज में समस्याओं का होना स्वाभाविक है। विकास के साथ नई आवश्यकताएं और चुनौतियां सामने आती हैं और इन्हीं समस्याओं के समाधान से समाज आगे बढ़ता है।
योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनें: सांसद माया नारोलिया
राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पात्र हितग्राहियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक भी शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने नागरिकों से अपनी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में उपयोग करने की अपील की।
योजनाओं से युवाओं को मिल रहा स्वरोजगार का अवसर
शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित युवा उद्यमियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उद्यमियों ने बताया कि शासन से मिले वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग के माध्यम से उन्होंने अपना व्यवसाय शुरू किया और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़े।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से लाभान्वित जायसवाल, अनुज पटेल और रोहित चौकसे ने अपने-अपने उद्यम शुरू करने की प्रक्रिया, शासन से प्राप्त सहयोग और व्यवसाय से होने वाली आय के बारे में जानकारी दी।
इसी तरह उद्योग विकास अनुदान योजना से लाभान्वित मोहित वर्मा ने राइस मिल, अब्दुल अजीज ने कृषि उपकरण तथा अतुल गौर ने इंजीनियर वर्क्स उद्योग स्थापित करने के अनुभव साझा किए।
PMFME से मसाला, आटा और बेकरी कारोबार को मिला बढ़ावा
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के लाभार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।
अखिलेश खंडेलवाल ने मसाला-आटा उद्योग, रतना चौधरी ने बेकरी इकाई और धर्मेंद्र साध ने आटा एवं मसाला उद्योग स्थापित करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना से मिले सहयोग ने छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू करने में मदद की।
उद्यमियों ने कहा कि शासकीय योजनाओं से आर्थिक सहयोग और मार्गदर्शन मिलने के कारण स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं तथा युवाओं में स्वरोजगार और उद्यमिता के प्रति रुचि बढ़ रही है।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भी साझा किए अनुभव
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़े स्वयं सहायता समूह की सदस्य श्रीमती दमयंती वर्मा और श्रीमती भगवती अहिरवार ने भी अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला। समूह के माध्यम से महिलाओं को एक-दूसरे का सहयोग, आर्थिक गतिविधियों की जानकारी और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
‘जनसंवाद के साथ रोजगार मेले की पहल उपयोगी’: अपर मुख्य सचिव
अपर मुख्य सचिव श्री शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना और शासन-जनता के बीच संवाद को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी बात सुनना, समस्याओं को समझना और समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करना अभियान की प्रमुख विशेषता है।
उन्होंने नर्मदापुरम जिले में प्रत्येक जन विश्वास शिविर के साथ आयोजित किए जा रहे रोजगार मेलों को उपयोगी नवाचार बताया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों में युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से सीधे संवाद और ऑन-द-स्पॉट रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
इसके साथ ही युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है, जिससे वे नौकरी तलाशने के साथ अपना स्वयं का रोजगार स्थापित करने की दिशा में भी आगे बढ़ सकें।
युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने पर जोर: कलेक्टर
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने युवा उद्यमियों, इनफ्लुएंसर्स और युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विजन के अनुरूप मध्यप्रदेश को औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि औद्योगिक विकास केवल बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं है। छोटे उद्यम, स्टार्टअप, स्थानीय उत्पाद, कृषि आधारित उद्योग और युवाओं की स्वरोजगार इकाइयां भी आर्थिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम में उपलब्ध कृषि, प्राकृतिक और औद्योगिक संसाधनों को देखते हुए उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं हैं। प्रशासन का प्रयास है कि युवाओं को आवश्यक मार्गदर्शन और शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
साइबर ठगी से बचने 1930 पर तत्काल शिकायत की अपील
जन संवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस. थोटा ने नागरिकों और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने साइबर ठगी होने पर बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की, ताकि ठगी की राशि को रोकने की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
एसपी ने यातायात सुरक्षा को लेकर भी नागरिकों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए नागरिकों को आगे आने और राहवीर योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई।
प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम करने की पहल
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित इस जन संवाद शिविर में शासन की योजनाओं का लाभ देने के साथ ही प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद को प्राथमिकता दी गई। अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं और सुझावों को सुना तथा विभिन्न योजनाओं, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई।
अभियान के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के साथ पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनविश्वास को और मजबूत किया जा सके।

