ब्रेकिंग
शुक्रवार, 11 सितंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
राजनीति · 01-12-2023

Mp Exit Polls : एग्जिट पोल्स में कड़ा मुकाबला, दस में से चार में बीजेपी, तीन में कांग्रेस की सरकार

मध्यप्रदेश में एग्जिट पोल को लेकर बीजेपी उत्साहित है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी को मिलने वाली सफलता का श्रेय लाड़ली बहना योजना को दिया है। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की अपील की है। बता दें कि…

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 01-12-2023
शेयर

मध्यप्रदेश में एग्जिट पोल को लेकर बीजेपी उत्साहित है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी को मिलने वाली सफलता का श्रेय लाड़ली बहना योजना को दिया है। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की अपील की है।

बता दें कि मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को मतदान हुआ था। तीन दिसंबर को मतगणना होगी। 2018 के चुनावों में मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने 114 सीटें जीती थी, जबकि भाजपा को 109 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। 230 सीटों वाले सदन में शेष सीटें अन्य पार्टियों को गई थी। गुरुवार को तेलंगाना में मतदान समाप्त होने के बाद तमाम न्यूज चैनल्स और सर्वे एजेंसियों ने अपने-अपने आकलन और दावे पेश किए।

चौंकाने वाला दावा न्यूज टूडे-चाणक्य ने किया है। उसने मध्यप्रदेश में भाजपा को 151 सीटें दी हैं। वहीं, कांग्रेस को 74 सीटें दी गई हैं। इसी तरह इंडिया टीवी-सीएनएक्स के सर्वे में भाजपा को 140-159 सीटें दी गई हैं। कांग्रेस को 70-89 सीटें दी गई हैं। इसके अलावा आज तक-एक्सिस माय इंडिया ने भी भाजपा को 140-162 सीटें दी हैं। कांग्रेस को 68-90 सीटें दी गई हैं।

रिपब्लिक-मैट्रिज ने भी अपने सर्वे में भाजपा को 118-130 सीटें दी हैं। इसी तरह कांग्रेस को 97-107 सीटें मिली हैं। टीवी-9 और पोलस्ट्रैट ने कांग्रेस को 111-121 सीटें दी हैं, जबकि भाजपा को 106-116 सीटें। टाइम्स नाऊ-ईटीजी ने कांग्रेस को 109-125 और भाजपा को 105-117 सीटें दी हैं। इसी तरह एबीपी न्यूज-सीवोटर ने कांग्रेस को 113-137 सीटें दी हैं। वहीं, भाजपा को 88-112 सीटें दी गई हैं।

किसने क्या कहा

तीन दिसंबर को जब मतगणना शुरू होगी तो कांग्रेस की सरकार पर जनता की मोहर लग जाएगी। मैंने हमेशा आपसे कहा है कि देश विजन से चलता है, टेलीविजन से नहीं। बहुत से एग्जिट पोल में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती हुई दिखाई दी है, जबकि कुछ एग्जिट पोल अन्य तरह की बात कर रहे हैं। आपको इस सबसे अपना ध्यान भटकने नहीं देना है। अर्जुन की तरह आपको निगाहें सिर्फ अपने लक्ष्य पर रखनी है।

-कमलनाथ, अध्यक्ष, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी

मैंने पहले ही कहा था मध्यप्रदेश में यहां कोई कंपीटिशन नहीं है। भाजपा को साफ तौर पर बहुमत मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का मार्गदर्शन और प्यार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की लीडरशिप, कार्यकर्ताओं की मेहनत और हमारी सरकारी की योजनाओं का असर है कि भाजपा को बहुमत मिल रहा है।

-शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश

अधिकांश एग्जिट पोल के नतीजों में भाजपा को मिल रही बढ़त से यह स्पष्ट तौर पर दिखाई दे रहा है कि एमपी के मन में मोदी है। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव में प्रचंड विजय हासिल कर रही है। मिलने वाली ऐतिहासिक जीत का श्रेय पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं को जाता है। भाजपा की यह जीत डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यां को जनता की स्वीकार्ययोक्ति को दर्शाता है।

-विष्णुदत्त शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
राजनीति
राज्य और स्थानीय प्रशासन
News