मध्य प्रदेश: 100% MSP खरीद की मांग पर किसानों का अनोखा प्रदर्शन, सड़क पर बनाई दाल-बाटी
मध्य प्रदेश में मूंग की 100% MSP खरीद की मांग को लेकर किसान सड़कों पर डटे हैं। आंदोलन स्थल पर दाल-बाटी बनाकर विरोध जताया और शिवराज सिंह चौहान व सीएम मोहन यादव को न्योता दिया।


भोपाल। मध्य प्रदेश में मूंग की फसल की 100 फीसदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर डटे हुए हैं, लेकिन इस बार उनका विरोध प्रदर्शन अनोखे अंदाज में देखने को मिल रहा है।
आंदोलन स्थल पर किसान सड़क किनारे कंडों की आग पर पारंपरिक दाल-बाटी बनाकर भोजन तैयार कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबा आंदोलन चलाना है तो भोजन की व्यवस्था भी साथ करनी होगी। किसान खुद भूखे रहकर अपनी लड़ाई नहीं लड़ सकते, इसलिए वे आंदोलन स्थल को ही अस्थायी रसोई में बदल चुके हैं।
किसानों ने इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी दाल-बाटी खाने का खुला निमंत्रण दिया है। किसानों का कहना है कि यदि दोनों नेता आंदोलन स्थल पर आकर किसानों के साथ बैठकर भोजन करेंगे, तो उन्हें उनकी वास्तविक समस्याओं और पीड़ा का भी एहसास होगा।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांग मूंग की पूरी उपज की 100 फीसदी MSP पर सरकारी खरीद सुनिश्चित करना है। उनका आरोप है कि पर्याप्त खरीद नहीं होने से किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ रही है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आंदोलन को लंबे समय तक चलाने की तैयारी कर ली है और भोजन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं भी आंदोलन स्थल पर ही की जा रही हैं।
किसानों का कहना है कि सरकार को उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए, ताकि उन्हें अपनी फसल का उचित मूल्य मिल सके और आर्थिक संकट से राहत मिल सके।