लोखरतलाई में जनविश्वास शिविर: 53 आवेदन-शिकायतें मिलीं, बंद खाद केंद्र पर एसडीएम ने जारी किया नोटिस
सिवनी मालवा के लोखरतलाई में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय शिविर लगा। 53 आवेदन मिले, बंद खाद केंद्र पर एसडीएम ने नोटिस जारी किया।


सिवनी मालवा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर नर्मदापुरम श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर तहसील सिवनी मालवा के ग्राम लोखरतलाई में ब्लॉक स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एसडीएम सिवनी मालवा श्री विजय राय ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान गांव की विभिन्न संस्थाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया गया।
शिविर के दौरान सामने आई व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए एसडीएम ने ग्राम लोखरतलाई स्थित सहकारी समिति के खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय केंद्र बंद मिला। निर्धारित समय पर खाद वितरण केंद्र बंद पाए जाने को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने संबंधित सहकारी समिति को नोटिस जारी कर कारण बताओ नोटिस के माध्यम से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खाद की उपलब्धता और वितरण सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों की समस्याएं सीधे सुनीं
ब्लॉक स्तरीय शिविर में ग्रामीणों ने राजस्व, पंचायत, बिजली, खाद्य, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। एसडीएम विजय राय ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं।
जिन मामलों का निराकरण मौके पर संभव था, उनका निराकरण किया गया। वहीं जिन प्रकरणों में विभागीय कार्रवाई आवश्यक थी, उन्हें संबंधित विभागों को सौंपते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेणुका मृगेंद्र सिंह मंडलोई, जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति पवन शुक्ला, श्री मृगेंद्र मंडलोई, श्री रघुवीर राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे ज्यादा 27 आवेदन राजस्व विभाग से
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 53 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग से सर्वाधिक 27 आवेदन प्राप्त हुए। पंचायत विभाग से 14, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से 2, लोक निर्माण विभाग से 1, मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी से 2, वन विभाग से 1, खाद्य विभाग से 2, निर्वाचन विभाग से 1 तथा शिक्षा विभाग से 2 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं।
शिविर के दौरान 15 फार्मर आईडी बनाई गईं और 20 ई-केवाईसी की कार्रवाई भी की गई।
52 लोगों की बीपी और शुगर जांच
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने के साथ स्वास्थ्य जांच भी की। कुल 52 लोगों की बीपी एवं शुगर की जांच की गई। ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।
आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण
एसडीएम विजय राय ने ग्राम लोखरतलाई स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं और पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों को फल वितरित किए गए।
एसडीएम ने बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी एवं विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
विभागीय योजनाओं की ग्रामीणों को दी जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं और हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की जानकारी दी।
स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, उद्यानिकी, खाद्य, वन, विद्युत, निर्वाचन और शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया गया।
जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखने, शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

