Crime: कटनी में 9 हजार नाइट्राजेपाम टैबलेट जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, सरगना की तलाश जारी
MP Crime : 9 हजार नाइट्राबेट टैबलेट्स के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, 2.25 लाख की खेप जब्त; ASP बोले- जल्द दबोचा जाएगा मुख्य सरगना।


कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 हजार नाइट्राजेपाम (नाइट्राबेट) टैबलेट के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीली गोलियों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
संदिग्ध गतिविधि पर हुई कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत रंगनाथनगर थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ऑर्डनेंस फैक्टरी ग्राउंड के पीछे प्लास्टिक की बोरी लेकर घूम रहे दो युवक पुलिस को संदिग्ध दिखाई दिए।
पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
30 पैकेटों में मिली 9 हजार नशीली गोलियां
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान पंकज उर्फ देवा मिश्रा और देवा कोल, दोनों निवासी बरगवां, थाना रंगनाथनगर, के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 30 पैकेटों में रखी 9 हजार नाइट्राजेपाम (नाइट्राबेट) टैबलेट बरामद हुईं।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन नशीली गोलियों को बिक्री के उद्देश्य से लेकर आए थे। पुलिस ने पूरी खेप जब्त कर ली है।
मुख्य सरगना की पहचान, जल्द गिरफ्तारी का दावा
एडिशनल एसपी कमल मौर्य ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर और सरगना की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।