ब्रेकिंग
गुरुवार, 3 सितंबर 2026
नए स्थान तलाशें
Denva Post
सभी खबरें
इंदौर · 29-07-2026

इंदौर: निजी बैंक कर्मचारी पलक काशिव हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार; शादी से इनकार पर रची थी साजिश

इंदौर में बैंक कर्मचारी पलक काशिव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया। CCTV और कॉल डिटेल से आरोपी प्रेमी गिरफ्तार, शादी से इनकार के बाद हत्या का आरोप।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 29-07-2026
शेयर
इंदौर: निजी बैंक कर्मचारी पलक काशिव हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार; शादी से इनकार पर रची थी साजिश

इंदौर। इंदौर में निजी बैंक की कर्मचारी पलक काशिव की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी जांच के बाद मामला हत्या का निकला। पुलिस ने युवती के प्रेमी मयंक शाक्य को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार करने का दावा किया है।

पहले गला दबाया, फिर पेट्रोल डालकर लगाई आग

पुलिस के अनुसार, आरोपी मयंक शाक्य नकाब पहनकर पलक के फ्लैट पर पहुंचा था। जांच में सामने आया कि उसने पहले कथित तौर पर युवती का गला दबाया। जब वह बेहोश हो गई तो उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना को हादसा दिखाने के उद्देश्य से आरोपी ने रसोई में गैस का बर्नर भी खुला छोड़ दिया, ताकि आग लगने की वजह गैस रिसाव प्रतीत हो।

दो दिन बाद फ्लैट में मिला था शव

पलक का शव सोमवार को तपेश्वरी स्थित फ्लैट में मिला था। पुलिस के अनुसार, शव लगभग दो दिन पुराना था। परिजनों ने बताया कि पलक लगातार दो दिनों से फोन नहीं उठा रही थी। इसके बाद पिता ने मकान मालिक को फ्लैट पर भेजा, जहां पलक मृत अवस्था में मिली।

मौके पर गैस का बर्नर खुला था और गैस का रिसाव हो रहा था। रसोई में चूल्हे पर कटी हुई सब्जियां भी रखी थीं। इन परिस्थितियों को देखते हुए शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे हादसा मानकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम और CCTV से बदली जांच की दिशा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने (सफोकेशन) की बात सामने आने के बाद पुलिस का शक गहरा गया। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक नकाबपोश युवक घटना के समय तेज कदमों से जाता हुआ दिखाई दिया।

परिजनों से पूछताछ में पलक और मयंक शाक्य के बीच परिचय होने की जानकारी मिली। पुलिस ने साइबर टीम की मदद से कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच की, जिसमें आरोपी की लोकेशन खजराना क्षेत्र में मिली। बाद में उसे दतिया से गिरफ्तार कर इंदौर लाया गया।

शादी के लिए बना रहा था दबाव

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी मयंक शाक्य पलक से शादी करना चाहता था। पुलिस का दावा है कि पलक द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद उसने हत्या की साजिश रची। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार किया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

ऐप के जरिए हुई थी दोनों की दोस्ती

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पलक और मयंक दोनों को गायन का शौक था। दोनों की मुलाकात और दोस्ती स्टार मेकर्स (StarMaker) ऐप के माध्यम से हुई थी, जिसके बाद दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए।

फिलहाल पुलिस मामले में सभी साक्ष्यों को जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

यह खबर शेयर करें
शेयर