जावा सागर में यात्री जहाज डूबा, 6 की मौत; 130 से ज्यादा लापता, 113 लोगों को बचाया गया
इंडोनेशिया में जावा सागर में यात्री जहाज डूब गया। हादसे में 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई, 113 लोगों को बचाया गया, जबकि 130 से ज्यादा लोग लापता हैं।


जकार्ता। इंडोनेशिया में खराब मौसम के बीच एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है। पूर्वी जावा के सुरबाया से दक्षिण कालीमंतान प्रांत के बंजर्मासिन जा रहा एक यात्री जहाज जावा सागर में पलटकर डूब गया। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 113 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं करीब 130 यात्री और चालक दल के सदस्य अभी लापता बताए जा रहे हैं।
इंडोनेशियाई बचावकर्मियों के मुताबिक जहाज रविवार सुबह खराब मौसम के दौरान अधिकारियों के संपर्क से बाहर हो गया था। बताया गया कि समुद्र में तूफानी स्थिति बनी हुई थी और करीब 10 फीट तक ऊंची लहरें उठ रही थीं।
संकट संदेश के बाद टूटा संपर्क
हादसे से पहले जहाज के कप्तान ने समुद्र की खराब स्थिति की जानकारी दी थी। कप्तान ने संकट संदेश जारी करते हुए बताया था कि जहाज एक तरफ झुक रहा है। इसके बाद जहाज से संपर्क टूट गया।
कुछ समय बाद जहाज के समुद्र में पलटने की सूचना सामने आई। बताया जा रहा है कि तेज हवाओं और ऊंची समुद्री लहरों के कारण जहाज असंतुलित हुआ और उसमें सवार यात्री तथा चालक दल के सदस्य समुद्र में गिर गए।
बचाव अभियान में हेलीकॉप्टर और जहाज लगाए गए
इंडोनेशियाई बचाव एजेंसी ने लापता लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। बचाव दल की एक टीम, जहाज और हेलीकॉप्टर को यात्री जहाज की अंतिम ज्ञात स्थिति की ओर भेजा गया।
बचाव एजेंसी के बंजर्मासिन कार्यालय के प्रमुख आई पूतु सुदायना ने वीडियो बयान में बताया कि बचाए गए लोगों को अलग-अलग जहाजों के जरिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें से कुछ लोगों को पूर्वी जावा के एक बंदरगाह पर ले जाया जाएगा।
बचाव दल समुद्र में लापता यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की तलाश में जुटा है। खराब मौसम और ऊंची लहरों के कारण राहत एवं बचाव अभियान में चुनौतियां बनी हुई हैं।
फेरी परिवहन पर निर्भर है इंडोनेशिया
करीब 17 हजार द्वीपों वाला इंडोनेशिया समुद्री परिवहन के लिए फेरी और यात्री जहाजों पर काफी निर्भर है। देश के कई हिस्सों को जोड़ने के लिए समुद्री मार्ग हवाई यात्रा की तुलना में अपेक्षाकृत सस्ते और आसानी से उपलब्ध हैं।
हालांकि, इंडोनेशिया में अतीत में कई समुद्री हादसे सामने आते रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक कुछ मामलों में जहाजों की क्षमता, सुरक्षा उपकरणों और समुद्री सुरक्षा नियमों के पालन से जुड़े सवाल भी उठते रहे हैं।
फिलहाल बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों की ओर से लापता लोगों की संख्या तथा हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

