ब्रेकिंग
सोमवार, 31 अगस्त 2026
Denva Post
सभी खबरें
धार · 28 दिन पहले

Dhar News: धार के बालीपुर में दो घरों में चोरी, नकदी-जेवर, अमेरिकी डॉलर और पासपोर्ट चोरी

धार जिले के बालीपुर गांव में दो सूने मकानों में चोरी की वारदात। बदमाश नकदी, चांदी के जेवर, अमेरिकी डॉलर और पासपोर्ट लेकर फरार। सीसीटीवी में चार संदिग्ध कैद।

देनवा पोस्ट
देनवा पोस्ट
समाचार डेस्क · 28 दिन पहले
शेयर
Dhar News: धार के बालीपुर में दो घरों में चोरी, नकदी-जेवर, अमेरिकी डॉलर और पासपोर्ट चोरी

धार। जिले के मनावर तहसील अंतर्गत ग्राम बालीपुर में अज्ञात बदमाशों ने शनिवार देर रात दो सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। बदमाश सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, अमेरिकी डॉलर और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जाली काटकर घर में घुसे चोर

ग्राम बालीपुर निवासी मनोज पाटीदार ने बताया कि बायपास रोड स्थित उनके मकान में बदमाशों ने पहले लोहे की जाली काटी और फिर घर में प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे पुराने चांदी के जेवर और करीब 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।

दूसरे घर से डॉलर और पासपोर्ट भी ले गए

इसी रात बदमाशों ने गांव के एडवोकेट नारायण चोयल के घर को भी निशाना बनाया। यहां से चोर 2 हजार रुपये नकद, अमेरिकी डॉलर, चांदी की पायजेब और मंगला चोयल का पासपोर्ट लेकर फरार हो गए।

सुबह जब दोनों परिवारों को चोरी की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल मनावर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी में कैद हुए चार संदिग्ध

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें घर के बाहर चार संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की मदद

मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए धार से फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और स्निफर डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया है। साथ ही पुलिस की साइबर टीम भी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ग्रामीणों में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बालीपुर और आसपास के गांवों के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

यह खबर शेयर करें
शेयर