कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय सुखतवा का किया निरीक्षण, लैब उपकरणों के कैलिब्रेशन के दिए निर्देश
नर्मदापुरम कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय सुखतवा का निरीक्षण किया। फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायो लैब उपकरणों के कैलिब्रेशन और कंप्यूटर इंस्टॉलेशन के निर्देश दिए।


सुखतवा। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने रविवार को सुखतवा स्थित नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर भवन एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के विभिन्न कक्षों और परिसर के प्रत्येक खंड का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के संबंध में प्राचार्य से विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब के उपकरणों का कैलिब्रेशन कराने तथा कंप्यूटर सिस्टम का सत्यापन कर शीघ्र इंस्टॉलेशन करने के निर्देश दिए।
फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में तैयार की गई भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। उन्होंने लैब में उपलब्ध उपकरणों की स्थिति और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि तीनों प्रयोगशालाओं में उपलब्ध सभी उपकरणों का अनिवार्य रूप से कैलिब्रेशन कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को प्रयोग के दौरान सटीक परिणाम प्राप्त हो सकें। उन्होंने प्रयोगशालाओं को व्यवस्थित और उपयोग के लिए पूरी तरह तैयार रखने पर भी जोर दिया।
कंप्यूटर सिस्टम का सत्यापन कर शीघ्र इंस्टॉलेशन कराने के निर्देश
कलेक्टर वशिष्ठ ने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को निर्देशित किया कि विद्यालय को प्राप्त सभी कंप्यूटर सिस्टम का शीघ्र सत्यापन कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सत्यापन के लिए प्रदेश स्तर पर चर्चा कर संबंधित टीम को बुलाया जाए। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी कंप्यूटर सिस्टम को कंप्यूटर लैब में स्थापित कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो सके।
हैंडओवर से पहले संयुक्त निरीक्षण अनिवार्य
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय भवन का हैंडओवर किए जाने से पहले पीआईयू, इलेक्ट्रिकल सेफ्टी डिपार्टमेंट एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया जाए।
इस दौरान भवन की संरचना, विद्युत सुरक्षा, प्रयोगशालाओं, उपकरणों और परिसर में उपलब्ध अन्य आवश्यक सुविधाओं की बारीकी से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक मानकों और व्यवस्थाओं की संतुष्टि के बाद ही विद्यालय भवन का हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर के निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, तकनीकी संसाधनों और भवन संबंधी व्यवस्थाओं को विद्यार्थियों के उपयोग के लिए पूरी तरह तैयार करना है।

