बिरसा मुंडा जयंती पर आज डही में जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय समारोह, वर्चुअली जुड़ेंगे PM मोदी
धार और आलीराजपुर के किसानों को मिलेगी नर्मदा जल की सौगात, डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का होगा लोकार्पण; मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे रोड शो और ग्रामीणों से संवाद


धार। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को मध्यप्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर धार जिले के डही में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर जनजातीय समाज को संबोधित करेंगे। वहीं, राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समारोह में शामिल होंगे।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय आयोजन किए जा रहे हैं। मुख्य समारोह 15 नवंबर को डही में होगा। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार में रोड शो भी करेंगे और ग्रामीणों से संवाद कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। इसके साथ ही हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति का फीडबैक भी प्राप्त करेंगे।
डही सिंचाई परियोजना से धार-आलीराजपुर को मिलेगा नर्मदा जल
राज्य स्तरीय समारोह का प्रमुख आकर्षण डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण होगा। इस परियोजना के शुरू होने से धार और आलीराजपुर जिले के किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी उपलब्ध हो सकेगा।
परियोजना से आदिवासी अंचल में खेती के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने और कृषि गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों को वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। सिंचाई सुविधा बढ़ने से कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार जिले में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत पात्र पट्टाधारियों के भूखंडों और मकानों की रजिस्ट्री भी कराएंगे। इसके अलावा जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी।
जोबट में भी होगा जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन
मुख्य कार्यक्रम के साथ आलीराजपुर जिले के जोबट में भी जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजन किया जाएगा। इसमें केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह और अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन 16 नवंबर को खंडवा जिले और शहडोल जिले के ब्यौहारी में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया जाएगा।
जनजातीय समाज के योगदान और विकास पर रहेगा जोर
जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में संचालित विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना भी कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।

