माखननगर महाविद्यालय में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को किया याद
माखननगर के शासकीय महाविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। डॉ. नीता चौबे, कोकिला चतुर्वेदी सहित विद्यार्थी रहे उपस्थित।


माखननगर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय माखननगर में जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शासन के निर्देशानुसार एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, सामाजिक योगदान और भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती कोकिला चतुर्वेदी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन सीधे प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपना संबोधन दिया। इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन प्रसारित किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारतीय इतिहास और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान को विस्तार से रेखांकित किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के सामाजिक सुधार, धार्मिक विचारों और समाज को एकजुट रखने के संदेश पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसके आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान तथा मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की विकासखंड समन्वयक श्रीमती सुखवती वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं समाजकार्य के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक चांदनी यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन छात्र निखिल अहिरवार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया गया।

