ब्रेकिंग
रविवार, 15 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
भोपाल · 6 मिनट पहले

मध्यप्रदेश में पुलिस थानों का टोटा, 3.08 लाख वर्ग किमी क्षेत्र में सिर्फ 1175 थाने; राष्ट्रीय औसत से आधी पुलिस मौजूदगी

तमिलनाडु में आधे से भी कम क्षेत्रफल के बावजूद 2394 पुलिस थाने, यूपी-बिहार भी थानों की संख्या में आगे; पुलिस की पहुंच और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

अशोक शर्मा
अशोक शर्मा
Sub Editor · 6 मिनट पहले
शेयर
मध्यप्रदेश में पुलिस थानों का टोटा, 3.08 लाख वर्ग किमी क्षेत्र में सिर्फ 1175 थाने; राष्ट्रीय औसत से आधी पुलिस मौजूदगी

भोपाल। मध्यप्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। प्रदेश का भौगोलिक क्षेत्रफल करीब 3.08 लाख वर्ग किलोमीटर है, लेकिन इतने बड़े इलाके की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए प्रदेश में केवल 1175 पुलिस थाने संचालित हैं। दूसरी ओर, तमिलनाडु का क्षेत्रफल मध्यप्रदेश के आधे से भी कम करीब 1.30 लाख वर्ग किलोमीटर है, लेकिन वहां 2394 पुलिस थाने हैं। यानी मध्यप्रदेश की तुलना में तमिलनाडु में लगभग दोगुने पुलिस थाने हैं।

यह अंतर प्रदेश में पुलिस व्यवस्था के विस्तार, संसाधनों की उपलब्धता और दूरदराज के क्षेत्रों तक सुरक्षा सेवाएं पहुंचाने की क्षमता को लेकर सवाल खड़े करता है। मध्यप्रदेश पुलिस की वर्ष 2025 की सांख्यिकी रिपोर्ट में सामने आए आंकड़े बताते हैं कि क्षेत्रफल के अनुपात में प्रदेश में पुलिस की मौजूदगी राष्ट्रीय औसत से काफी कम है।

रिपोर्ट के अनुसार, मध्यप्रदेश में प्रति 100 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी का आंकड़ा 40.87 है, जबकि राष्ट्रीय औसत 83.81 है। यानी इस मामले में मध्यप्रदेश राष्ट्रीय औसत के आधे से भी नीचे है। इससे बड़े भौगोलिक क्षेत्र में पुलिस निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की चुनौतियों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

कम आबादी घनत्व से बढ़ती है पुलिस की चुनौती

मध्यप्रदेश में पुलिस व्यवस्था के सामने केवल क्षेत्रफल ही नहीं, बल्कि आबादी का भौगोलिक फैलाव भी बड़ी चुनौती है। प्रदेश में प्रति वर्ग किलोमीटर औसतन 236 लोग रहते हैं, जबकि राष्ट्रीय औसत 382 व्यक्ति है।

कम आबादी घनत्व के कारण प्रदेश के कई ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में गांव और बस्तियां एक-दूसरे से काफी दूरी पर स्थित हैं। ऐसे क्षेत्रों में सीमित पुलिस थानों और उपलब्ध बल के सहारे नियमित गश्त करना, अपराधों पर निगरानी रखना और आपात स्थिति में तत्काल पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

विशेषकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में किसी घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस को मौके तक पहुंचने में दूरी और संसाधनों की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में थानों का पर्याप्त नेटवर्क और पुलिस बल की उपलब्धता आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण हो जाती है।

कई राज्यों में मध्यप्रदेश से ज्यादा पुलिस थाने

पुलिस थानों की संख्या के मामले में देश के कई राज्य मध्यप्रदेश से आगे हैं। आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में करीब 2.40 लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में 1923 पुलिस थाने हैं। वहीं, तमिलनाडु में करीब 1.30 लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 2394 थाने संचालित हैं।

महाराष्ट्र का क्षेत्रफल मध्यप्रदेश के लगभग बराबर 3.07 लाख वर्ग किलोमीटर है, लेकिन वहां 1193 पुलिस थाने हैं। इसी तरह आंध्र प्रदेश में 1.62 लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल के लिए 1029 और कर्नाटक में 1.93 लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 1063 पुलिस थाने हैं।

बिहार का उदाहरण भी महत्वपूर्ण है। वहां का क्षेत्रफल महज 94,163 वर्ग किलोमीटर है, लेकिन इसके बावजूद राज्य में 1096 पुलिस थाने संचालित हैं।

बड़े क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना चुनौती

इन आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि मध्यप्रदेश में पुलिस व्यवस्था के सामने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ विशाल भौगोलिक क्षेत्र में सुरक्षा सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की चुनौती भी है।

दूरदराज के गांवों में पुलिस की नियमित मौजूदगी, त्वरित कार्रवाई, गश्त और नागरिकों की शिकायतों का समय पर निराकरण करने के लिए पुलिस थानों का पर्याप्त नेटवर्क जरूरी है।

प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए थानों की स्थापना, चौकियों का विस्तार, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता पर ध्यान देने की जरूरत है। अब सवाल यह है कि राष्ट्रीय औसत से काफी पीछे चल रही पुलिस की क्षेत्रीय मौजूदगी को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश में क्या कदम उठाए जाएंगे?

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
नक्शे देखें
कोरियर सर्विस चुनें
स्थानीय परमिट लें