मध्य प्रदेश में बढ़ने लगी ठंड, 19 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे; अमरकंटक सबसे ठंडा
20 नवंबर के बाद प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना, उत्तरी हवाओं से गिरेगा तापमान; ग्वालियर-चंबल में बढ़ेगी ठिठुरन


भोपाल। मध्य प्रदेश में अब सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का प्रभाव प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के चलते रात और सुबह के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीती रात प्रदेश के 19 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। अमरकंटक 10.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि इंदौर में पारा 11.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम में आए बदलाव के कारण सुबह और देर रात ठंड का एहसास बढ़ गया है। हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं कटनी के करौंदी में 11.3, शाजापुर के गिरवर में 11.7, दमोह में 12, छिंदवाड़ा और रायसेन में 12.4 तथा नौगांव में 13 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
राजधानी भोपाल और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि उज्जैन में पारा 13.8 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम के इस रुख से संकेत मिल रहे हैं कि नवंबर के दूसरे पखवाड़े में प्रदेश में ठंड और तेज हो सकती है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस के आगे बढ़ते ही बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। इसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश हो रही है। मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने के बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाओं का प्रवाह मध्य प्रदेश की ओर बढ़ेगा। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
पिछले 10 वर्षों के नवंबर महीने के मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो नौ वर्षों में दूसरे पखवाड़े के दौरान ठंड का असर तेज हुआ है। इस बार भी 15 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट का अनुमान है। खासतौर पर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं का प्रभाव अधिक रहने से यहां रात के तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है।
20 नवंबर के बाद बारिश का नया दौर संभव
प्रदेश में ठंड के साथ बारिश की संभावना भी बन रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय तूफान के प्रभाव से 20 नवंबर के बाद मध्य प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। इसके असर से भोपाल, इंदौर, जबलपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में मौसम बदलने की संभावना है।
नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणालियों की सक्रियता के चलते बारिश की स्थिति बन सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को एक साथ ठंड और बारिश का सामना करना पड़ सकता है।
