ब्रेकिंग
सोमवार, 16 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
सुखतवा · 4 मिनट पहले

सुखतवा में जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय आयोजन, लोकनृत्यों ने मोहा मन; मेधावी विद्यार्थियों और हितग्राहियों का हुआ सम्मान

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 4 मिनट पहले
शेयर
सुखतवा में जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय आयोजन, लोकनृत्यों ने मोहा मन; मेधावी विद्यार्थियों और हितग्राहियों का हुआ सम्मान

सुखतवा। जननायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को शासकीय सांदीपनि विद्यालय परिसर सुखतवा में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत की झलक देखने को मिली। स्कूली छात्र-छात्राओं की पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए तथा मेधावी विद्यार्थियों और खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। समारोह के दौरान धार जिले के डही में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और देशवासियों को संबोधित किया। राज्य स्तरीय समारोह में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री बोले- जनजातीय गौरव दिवस अब राष्ट्रीय उत्सव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत हुई थी और आज यह एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर देशभर में दो लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करोड़ों देशवासियों ने सहभागिता की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जनजातीय समाज देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आसीन होना पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी से अपनी पूरी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस देश के गर्व और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसे प्रत्येक वर्ष अधिक उत्साह और व्यापकता के साथ मनाते हुए नए संकल्प लेने तथा निर्धारित समय-सीमा में उन्हें पूरा करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।

कर्मा नृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

जिला स्तरीय कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण स्कूली बच्चों की जनजातीय लोकनृत्य प्रस्तुतियां रहीं। शासकीय सांदीपनि विद्यालय सुखतवा की कक्षा पांचवीं की छात्राओं ने आकर्षक जनजातीय नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं शासकीय जनजातीय कन्या आश्रम चूरना एवं शासकीय सांदीपनि विद्यालय सुखतवा की कक्षा सातवीं और आठवीं की छात्राओं ने पारंपरिक आदिवासी कर्मा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।

छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की जीवनशैली, सांस्कृतिक परंपराओं और समृद्ध विरासत को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया। उनकी शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।

हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

समारोह में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। अभिषेक जाटव को संत रविदास स्वरोजगार योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया गया।

शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सिद्धि साहू तथा कक्षा 12वीं में 84 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले आदित्य बारस्कर को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इसके साथ ही राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी मंच से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, संघर्ष, साहस और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

जनजातीय विरासत के संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय साहस, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके बलिदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और योगदान को सम्मान देने का अवसर है।

समारोह के माध्यम से जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने, पारंपरिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष गंगाराम कलमे, सुखतवा सरपंच सुखदेव इरपाचे, सुशील बरकड़े, मुकेश चंद्र मैना, श्रीमती ज्योति चौरे, प्रशांत दीक्षित, राजेश गौड़, जगदीश बावरिया,अजय साहू, अशोक साहू, रामकिशोर यादव, परमेश मालवीय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
कोरियर सर्विस चुनें
नक्शे देखें
स्थानीय परमिट लें