ब्रेकिंग
गुरुवार, 17 सितंबर 2026
नए स्थान तलाशें
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 50 मिनट पहले

मोहासा औद्योगिक केंद्र पहुंचे मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, उद्योगपतियों से संवाद

सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने नर्मदापुरम के मोहासा औद्योगिक केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय युवाओं को रोजगार प्राथमिकता और उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण पर जोर दिया।

कंचन शर्मा
कंचन शर्मा
Reporter · 50 मिनट पहले
शेयर
मोहासा औद्योगिक केंद्र पहुंचे मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, उद्योगपतियों से संवाद

नर्मदापुरम। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने नर्मदापुरम के मोहासा औद्योगिक केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक इकाइयों का जायजा लेने के साथ उद्योगपतियों और कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित करने पर जोर दिया।

नए स्थान तलाशें

मुख्य सचिव ने विशेष रूप से ग्रू सोलर कंपनी की सोलर पैनल निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने कंपनी की प्रोडक्शन यूनिट का भ्रमण कर उत्पादन प्रक्रिया और औद्योगिक गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद कंपनी के संचालक एवं अधिकारियों से उद्योग की आवश्यकताओं और रोजगार से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

स्थानीय लोगों को रोजगार में मिले प्राथमिकता

मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने उद्योगपतियों से कहा कि मोहासा में निवेश करने वाली कंपनियां स्थानीय लोगों को रोजगार देने में प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्थानीय युवाओं को तैयार करने के लिए आईटीआई में आवश्यक कोर्स शुरू किए जा सकते हैं।

उन्होंने कंपनियों से उनकी आवश्यकता और तकनीकी कौशल से संबंधित जानकारी संभाग आयुक्त नर्मदापुरम को उपलब्ध कराने के लिए कहा, ताकि स्थानीय आईटीआई में उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किए जा सकें।

ग्लोबल आईटी पार्क में कंपनी आधारित प्रशिक्षण पर जोर

मुख्य सचिव ने कहा कि ग्लोबल आईटी पार्क में भी औद्योगिक कंपनियों की आवश्यकताओं से संबंधित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने संबंधित कंपनियों से अपने प्रशिक्षक उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में ग्लोबल आईटी पार्क में करीब 2,500 बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भविष्य में यहां करीब 10 हजार लोगों को कंपनियों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मोहासा में 28 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव

एमपीआईडीसी के संचालक चंद्रमौली शुक्ला ने मुख्य सचिव को मोहासा औद्योगिक केंद्र की प्रगति और निवेश संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोहासा औद्योगिक केंद्र में करीब 40 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही लगभग 28 हजार करोड़ रुपये के निवेश के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

औद्योगिक केंद्र में प्रस्तावित निवेश को स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार से जोड़ने के लिए उद्योगों की जरूरत के अनुसार कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर भी चर्चा हुई।

उद्योग प्रतिनिधियों ने रखीं आवश्यकताएं

औद्योगिक संवाद के दौरान संभाग आयुक्त श्रीकांत बनोठ, कलेक्टर सोमेश मिश्रा सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संवाद में आईएनए सोलर, लैंडसमिल रिन्यूएबल, रेज ग्रीन एनर्जी, आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स, ग्रेनटेक फूड्स, नेचर बायो फूड्स और ग्रू सोलर इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

इसके अलावा कैम्पा कोला के व्यवस्थापक तथा अन्य कंपनियों के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में उद्योगों की आवश्यकताओं, स्थानीय रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

यह खबर शेयर करें
शेयर