सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 10 महिला गाइडों को मिलेगा प्रशिक्षण, वन्यजीव पर्यटन में बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में विस्थापित गांवों की 10 महिलाओं का महिला वन्यजीव गाइड के लिए चयन हुआ। 30 नवंबर तक सात दिवसीय प्रशिक्षण में जंगल सफारी, वन्यजीव पहचान और सुरक्षा की ट्रेनिंग दी जाएगी।


नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में महिला सशक्तिकरण और स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मढ़ई और पचमढ़ी की तर्ज पर अब चूरना, मल्लूपुरा और कपिलधारा पर्यटन जोन में भी महिला वन्यजीव गाइड पर्यटकों को जंगल की सैर कराएंगी। इसके लिए विस्थापित ग्रामों की 10 महिलाओं का लिखित परीक्षा के माध्यम से चयन किया गया है। चयनित महिलाओं के लिए सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार को वन परिक्षेत्र चूरना के भीमकुंड पर्यटन द्वार स्थित तवा सभागार में की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन ने किया। इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक नर्मदापुरम, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक एवं उप संचालक तथा सहायक संचालक इटारसी सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
30 नवंबर तक चलेगा प्रशिक्षण, जंगल में मिलेगा व्यावहारिक अनुभव
24 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भीमकुंड पर्यटन द्वार से संबद्ध चयनित 10 महिला वन्यजीव गाइडों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को वन्यजीव, जैव विविधता, वन संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन से जुड़ा तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान देना है, ताकि वे दक्ष और पेशेवर वन्यजीव गाइड के रूप में अपनी पहचान बना सकें।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को सतपुड़ा के प्रमुख वन्यजीवों, पक्षियों, तितलियों और स्थानीय वनस्पतियों की पहचान कराई जाएगी। इसके साथ ही घास एवं लेग्यूम्स की प्रजातियों, वन्यजीवों के व्यवहार, जंगल सफारी संचालन, पर्यटकों से संवाद और नैतिक वन्यजीव अवलोकन के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
जंगल सफारी से लेकर प्राथमिक उपचार तक की मिलेगी ट्रेनिंग
प्रशिक्षण में केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि फील्ड विजिट के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव भी दिया जाएगा। इसके तहत चूरना और मल्लूपुरा पर्यटन जोन में भ्रमण कर जंगल एवं वन्यजीवों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा प्राथमिक उपचार, आपातकालीन परिस्थितियों का प्रबंधन, व्यक्तिगत सुरक्षा और MSTrIPES मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए वन्यजीव निगरानी एवं डिजिटल रिपोर्टिंग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे महिला गाइड जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा सकेंगी।
तवा जलाशय की सुरक्षा के लिए नई मोटर बोट शुरू
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ वन अधिकारियों ने मल्लूपुरा क्षेत्र में तवा जलाशय की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों को मजबूत करने के उद्देश्य से नवीन मोटर बोट के संचालन का भी शुभारंभ किया।
नई मोटर बोट के संचालन से जलाशय क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने और संरक्षण संबंधी गतिविधियों को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
स्थानीय महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की यह पहल वन्यजीव पर्यटन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महिला गाइड पर्यटकों को सतपुड़ा के समृद्ध वन्यजीवन, प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता से परिचित कराने में भूमिका निभाएंगी।

