बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत: 12 दिसंबर को नेशनल लोक अदालत, 10 लाख तक के बिजली चोरी के मामलों में मिलेगा समझौते का मौका
मध्यप्रदेश में 12 दिसंबर 2026 को नेशनल लोक अदालत लगेगी। बिजली चोरी के 10 लाख रुपये तक के लंबित मामलों में 20 से 30 प्रतिशत सिविल दायित्व और ब्याज पर 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।


नर्मदापुरम। बिजली चोरी और विद्युत अनियमितताओं के मामलों में लंबित प्रकरणों का निराकरण कराने के लिए बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलने जा रही है। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा 12 दिसंबर 2026 (शनिवार) को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में बिजली चोरी के मामलों में समझौते का अवसर दिया जाएगा। इसके तहत अधिकतम 10 लाख रुपये तक के आकलित सिविल दायित्व वाले लंबित प्रकरणों का निराकरण छूट के साथ किया जा सकेगा।
यह सुविधा कंपनी के कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के 16 जिलों में लागू होगी। कंपनी ने विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत दर्ज बिजली चोरी के लंबित मामलों और विशेष न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों के उपभोक्ताओं एवं उपयोगकर्ताओं से लोक अदालत में समझौता करने की अपील की है।
प्री-लिटिगेशन मामलों में सिविल दायित्व पर 30 प्रतिशत छूट
कंपनी के अनुसार, लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों में आकलित सिविल दायित्व की राशि पर 30 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके अलावा निर्धारण आदेश जारी होने के 30 दिन बाद भुगतान में चूक होने पर लगने वाले ब्याज की राशि पर 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।
यह ब्याज निर्धारण आदेश की तारीख से 30 दिन की अवधि समाप्त होने के बाद प्रत्येक छह माह चक्रवृद्धि आधार पर 16 प्रतिशत वार्षिक दर से लगाया जाता है।
अदालत में लंबित मामलों में 20 प्रतिशत की छूट
विशेष न्यायालयों में विचाराधीन यानी लिटिगेशन स्तर के प्रकरणों में आकलित सिविल दायित्व की राशि पर 20 प्रतिशत की छूट देने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं होने पर लगने वाले ब्याज की राशि पर भी 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।
इस व्यवस्था के तहत पात्र उपभोक्ताओं को लंबित मामलों का समझौते के माध्यम से निराकरण कराने का अवसर मिलेगा।
इन उपभोक्ताओं को मिलेगा छूट का लाभ
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अनुसार, यह छूट निम्नदाब श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित की गई है। इसमें शामिल हैं:
सभी घरेलू बिजली उपभोक्ता।
सभी कृषि श्रेणी के उपभोक्ता।
5 किलोवॉट तक के गैर-घरेलू उपभोक्ता।
10 अश्व शक्ति भार तक के औद्योगिक उपभोक्ता।
केवल 10 लाख रुपये तक के मामलों में लागू होगी छूट
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि लोक अदालत में दी जाने वाली छूट कुछ निर्धारित नियम एवं शर्तों के अधीन होगी। इसका लाभ केवल उन्हीं प्रकरणों में मिलेगा, जिनमें आकलित सिविल दायित्व की राशि 10 लाख रुपये तक है।
यह विशेष छूट केवल 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में समझौता करने पर ही लागू रहेगी। कंपनी ने पात्र उपभोक्ताओं और बिजली उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपने संबंधित बिजली कार्यालय से संपर्क कर लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया पूरी करें।

