ब्रेकिंग
बुधवार, 25 नवंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
जबलपुर · 3 मिनट पहले

रीवा कमिश्नर के निरोध आदेश पर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी, कहा- बेसिक ट्रेनिंग की जरूरत

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने रीवा कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह के निरोध आदेश में खामियां बताते हुए बेसिक ट्रेनिंग की जरूरत बताई। कोर्ट ने दो दिन में संक्षिप्त जवाब मांगा।

दीपक शर्मा
दीपक शर्मा
Editor-in-Chief · 3 मिनट पहले
शेयर
रीवा कमिश्नर के निरोध आदेश पर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी, कहा- बेसिक ट्रेनिंग की जरूरत

जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई के दौरान रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह के निरोध आदेश पर मुख्य न्यायाधीश ने गंभीर टिप्पणी की है। कोर्ट ने आदेश में कई खामियां बताते हुए कहा कि कमिश्नर को इस विषय में बुनियादी प्रशिक्षण की जरूरत है। उन्हें निरोध (Detention) से जुड़े कानूनी प्रावधानों की भी स्पष्ट जानकारी नहीं है। हाईकोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति को निरुद्ध करने का आदेश देना बेहद जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है और इसमें कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन होना चाहिए।

क्या है पूरा मामला?

मामला रीवा निवासी ओमप्रकाश गुप्ता से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, PIT NDPS Act के तहत रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने ओमप्रकाश गुप्ता को छह महीने के लिए भोपाल जेल में निरुद्ध करने का आदेश जारी किया था।

इस आदेश को चुनौती देते हुए याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता आलोक तिवारी ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की। याचिका में निरोध आदेश को चुनौती दी गई है।

सुनवाई के दौरान कमिश्नर के आदेश पर उठे सवाल

मंगलवार, 25 नवंबर को मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोकजे और न्यायमूर्ति विवेक जैन की खंडपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट ने कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह द्वारा पारित निरोध आदेश में कई त्रुटियां होने की बात कही।

मुख्य न्यायाधीश ने टिप्पणी करते हुए कहा कि कमिश्नर को इस विषय में बेसिक ट्रेनिंग की आवश्यकता है। निरोध से संबंधित बुनियादी कानूनी जानकारी में भी स्पष्टता दिखाई नहीं दे रही है। कोर्ट ने इस तरह के आदेश पारित करने की प्रक्रिया को गंभीर और जिम्मेदारी भरा कार्य बताया।

हाईकोर्ट ने दो दिन में मांगा संक्षिप्त जवाब

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने आदेश में मौजूद खामियों और कानूनी प्रक्रिया के पालन को लेकर संक्षिप्त जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके लिए कमिश्नर को दो दिन का समय दिया गया है।

अब मामले की अगली सुनवाई में कमिश्नर की ओर से प्रस्तुत जवाब महत्वपूर्ण होगा। हाईकोर्ट की आगे की टिप्पणी और इस निरोध आदेश को लेकर होने वाली कार्रवाई पर भी नजर रहेगी।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
कोरियर सर्विस चुनें
नक्शे देखें
स्थानीय परमिट लें