शादी के सीजन में मैरिज गार्डन और कैटरिंग पर खाद्य विभाग की नजर, बिना लाइसेंस संचालन पर हो सकती है कार्रवाई
भोपाल में शादी सीजन के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग मैरिज गार्डन, बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग प्रतिष्ठानों की जांच करेगा। आम्र पैलेस में बिना लाइसेंस संचालन और एक्सपायरी ब्रेड-पाव मिले।


भोपाल। शादी के सीजन में मैरिज गार्डन, होटल के बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग संचालकों की मनमानी पर अब खाद्य सुरक्षा प्रशासन सख्ती करने जा रहा है। शादी समारोहों में मेहमानों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट और रसोई की साफ-सफाई की जांच के लिए विभाग की टीमें औचक निरीक्षण करेंगी। बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस कारोबार करते पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई के साथ प्रतिष्ठान का संचालन बंद कराने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
देवउठनी एकादशी के साथ ही शादियों का सीजन शुरू हो गया है। भोपाल में अगले दो से तीन महीनों तक मैरिज गार्डन की बुकिंग लगभग फुल है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शादी समारोहों में शामिल होंगे और वहां भोजन करेंगे। इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने आयोजनों में परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ाने का फैसला लिया है।
थाली से लेकर किचन तक होगी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें केवल तैयार भोजन के नमूने ही नहीं लेंगी, बल्कि भोजन बनाने में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री और उसकी उपयोग अवधि की भी जांच करेंगी। इसके साथ ही रसोई की साफ-सफाई, स्वच्छता के इंतजाम और खाद्य सामग्री के रखरखाव की स्थिति देखी जाएगी।
मैरिज गार्डन और बैंक्वेट हॉल में खाद्य कारोबार के लिए जरूरी लाइसेंस की जांच भी होगी। कैटरिंग संचालकों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस कारोबार करने पर संबंधित संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर खाद्य कारोबार पर प्रतिबंध लगाकर प्रतिष्ठान का संचालन भी बंद कराया जा सकता है।
बिना लाइसेंस चल रहा था बैंक्वेट हॉल, एक्सपायरी ब्रेड-पाव मिले
खाद्य सुरक्षा विभाग की हालिया कार्रवाई में कोलार रोड स्थित बैरागढ़ चीचली के आम्र पैलेस में गंभीर लापरवाही सामने आई है। मंगलवार को किए गए निरीक्षण के दौरान यहां बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के कैटरिंग और बैंक्वेट हॉल का संचालन पाया गया।
बिल और दस्तावेजों की जांच में पता चला कि प्रतिष्ठान वर्ष 2025 से खाद्य कारोबार कर रहा था, लेकिन निरीक्षण के समय उसके पास खाद्य सुरक्षा लाइसेंस नहीं था। कैंटीन और भोजन बनाने वाली जगह पर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। जांच के दौरान खाद्य सामग्री में रखे ब्रेड और पाव की उपयोग अवधि समाप्त पाई गई।
प्रतिष्ठान के पास गुमास्ता और जीएसटी पंजीयन तो थे, लेकिन खाद्य कारोबार के लिए जरूरी खाद्य सुरक्षा लाइसेंस उपलब्ध नहीं था।
शादी समारोह में परोसे जा रहे पनीर और गुलाब जामुन के नमूने लिए
निरीक्षण के समय परिसर में कोलार निवासी हर्ष मिश्रा के परिवार का विवाह समारोह चल रहा था। समारोह में मेहमानों को परोसे जाने वाले भोजन में शामिल पनीर और गुलाब जामुन के नमूने खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी।
किराना दुकान से बेसन और धनिया पाउडर के नमूने
खाद्य सुरक्षा टीम ने कोलार रोड स्थित दीपक साहू किराना प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य सुरक्षा नियमों और स्वच्छता से जुड़ी अनियमितताएं मिलीं। टीम ने दुकान से बेसन और धनिया पाउडर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
साफ-सफाई और निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन नहीं मिलने पर दुकान संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया है।
शादी के सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य मैरिज गार्डन, बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग संचालकों को नियमों के पालन के प्रति जवाबदेह बनाना है। विभाग की निगरानी में अब यह भी देखा जाएगा कि शादी समारोहों में मेहमानों की थाली तक पहुंचने वाला भोजन सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।
